Himachal: बेटे का हो रहा था झगड़ा...बीच-बचाव करने पहुंच गई मां, फिर हुआ कुछ ऐसा कि चली गई जान

Edited By Vijay, Updated: 28 Jul, 2026 06:52 PM

mother dies trying to stop fight of son

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के अर्की उपमंडल से एक बेहद झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां शहरोल पंचायत के कुईरू गांव में दो व्यक्तियों के बीच हुए आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया।

अर्की (सुरेंद्र): हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के अर्की उपमंडल से एक बेहद झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां शहरोल पंचायत के कुईरू गांव में दो व्यक्तियों के बीच हुए आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। इस झगड़े में अपने बेटे का बचाव करने पहुंची एक मां को अपनी जान गंवानी पड़ गई। आरोपी द्वारा गला पकड़कर धक्का दिए जाने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान मीना देवी के रूप में हुई है। मृतका के बेटे शुभम ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में बताया कि सोमवार रात को उसका गांव के ही एक व्यक्ति के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। अपने बेटे को झगड़े में उलझा देख मीना देवी बीच-बचाव करने के लिए वहां पहुंच गईं और दोनों को अलग करने का प्रयास करने लगीं।

आरोप है कि झगड़े के बीच गुस्से में आकर आरोपी ने मीना देवी का गला पकड़ लिया और उन्हें जोर से धक्का दे दिया। धक्के के कारण महिला अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़ी और उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद परिजन मीना देवी को नागरिक अस्पताल अर्की लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल से सूचना मिलते ही अर्की पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेज दिया। वहीं बेटे शुभम के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर अर्की न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और रिमांड के दौरान पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!