मां बगलामुखी की जयंती पर उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालु ने भव्य महाआरती में लिया भाग

Edited By Vijay, Updated: 24 Apr, 2026 11:50 PM

mata baglamukhi temple

श्री बगलामुखी सिद्ध पीठ बनखंडी में मां बगलामुखी जयंती का दूसरा दिन शुक्रवार को श्रद्धा से मनाया। मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी रही और जय मां बगलामुखी के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।

बनखंडी (राजीव शर्मा): श्री बगलामुखी सिद्ध पीठ बनखंडी में मां बगलामुखी जयंती का दूसरा दिन शुक्रवार को श्रद्धा से मनाया। मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी रही और जय मां बगलामुखी के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। सुबह तड़के 4 बजे से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर के बाहर लगनी शुरू हो गई थीं। प्रातः 5 बजे मां बगलामुखी की विशेष आरती की गई। माता की जयंती पर बगुलामुखी मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ा और हजारों श्रद्धालुओं ने मां का आशीर्वाद प्राप्त किया। जयंती के पावन अवसर पर इस बार करीब 18 क्विंटल रंग-बिरंगे फूलों से मां बगलामुखी का दरबार सजाया गया। कोलकाता, गुवाहाटी, गुजरात सहित देश के विभिन्न हिस्सों और विदेशों से आए फूलों से मंदिर परिसर को भव्य रूप दिया गया है।

336 ब्राह्मणों ने किया मंत्रोच्चारण, शंखध्वनि से हुआ मां बगलामुखी देवी का आह्वान
मां बगलामुखी जयंती पर्व पर 336 ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण और शंखध्वनि के साथ मां बगलामुखी का आह्वान किया गया। मंत्रों की गूंज से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा और श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए।इसके उपरांत मंदिर प्रांगण में अनंत कन्या पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें माता राज कुमारी ने परिवार सहित 1008 से ज्यादा कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर विधि-विधान से उनका पूजन किया।

PunjabKesari

शाम को हुई भव्य महाआरती 
शाम के समय मंदिर परिसर में भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर तथा माता राज कुमारी ने महाआरती की ज्योति जलाकर महाआरती का शुभारंभ किया। महाआरती जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। जय महाकाल महाआरती सेवा परिवार लुधियाना तथा बगलामुखी मंदिर के ब्राह्मणों ने शंखध्वनि कर ध्वनि कर महाआरती की, जोकि करीब 1 घंटे तक चली। इस महाआरती में हजारों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

PunjabKesari

पार्किंग व श्रद्धालुओं की सुविधाओं के रहे पुख्ता इंतजाम
मंदिर प्रबंधन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग की उचित व्यवस्था की गई है। अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग चिन्हित की गई है, जिससे यातायात सुचारू बना रहा और श्रद्धालुओं को किसी परेशानी का सामना न करना पड़ा। वहीं लंगर भी लगे हुए थे।

3 सैक्टर में बांटी गई सुरक्षा व्यवस्था
बगलामुखी जयंती के दूसरे दिन पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। पूरे आयोजन क्षेत्र को ट्रैफिक, पार्किंग और टैंपल काम्पलैक्स/दर्शन एरिया, इन 3 सैक्टरों में विभाजित कर व्यवस्थित किया गया था। ट्रैफिक व्यवस्था के तहत देहरा पुलिस और ट्रैफिक कर्मियों की करीब 50 सदस्यीय टीम तैनात की गई थी। मुख्य मार्गों पर जाम से बचने के लिए वैकल्पिक रास्ते निर्धारित किए गए थे। भारी वाहनों को रानीताल चौक से ज्वालामुखी की ओर डायवर्ट किया गया था, जबकि हनुमान चौक से भी ट्रैफिक मोड़ा गया था। पिताम्बरा होटल के सामने वाली सड़क को वन-वे किया गया था।

सीसीटीवी और ड्रोन के माध्यम से निगरानी
पूरे क्षेत्र की 24 घंटे सीसीटीवी और ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जा रही थी, साथ ही एंट्री प्वाइंट्स पर एचएचएमडी और डीएफएमडी के जरिए सघन चैकिंग की जा रही थी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद बनी रही।

वीरवार को झंडा रस्म के साथ हुआ था जयंती का शुभारंभ
जयंती महोत्सव की शुरूआत वीरवार को पारंपरिक झंडा रस्म और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत रूप से की गई थी। मंदिर के मुख्य प्रबंधक महंत रजत गिरि, माता राज कुमारी, सहायक अरुण गोस्वामी सहित उनके परिवारजनों ने झंडा रस्म संपन्न करवाई। इस दौरान मुख्य आचार्य दिनेश रतन और मुख्य आचार्य विपिन शास्त्री सहित अन्य ब्राह्मणों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करवाई। मंदिर प्रबंधन के अनुसार जयंती के तीसरे दिन, शनिवार को महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हवन-यज्ञ संपन्न होगा, जिसके पश्चात पूर्णाहुति डाली जाएगी। वहीं मंदिर के मुख्य प्रबंधक महंत रजत गिरि, माता राज कुमारी, सहायक अरुण गोस्वामी, मुख्य आचार्य दिनेश रतन तथा मुख्य आचार्य विपिन शास्त्री ने मां बगलामुखी जयंती पर्व के पावन अवसर पर सभी देशवासियों व प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!