Edited By Vijay, Updated: 19 Jul, 2026 03:40 PM

हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में खराब मौसम और मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने प्रसिद्ध श्री मणिमहेश यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है।
भरमौर/चम्बा (उत्तम ठाकुर): हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में खराब मौसम और मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने प्रसिद्ध श्री मणिमहेश यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है। भरमौर के एसडीएम अजय कुमार सिंह ने पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 19 से 21 जुलाई तक (और आगामी आदेशों तक) यात्रा पर पूर्ण रोक लगा दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम सामान्य होने के बाद ही यात्रा की अगली अनुमति दी जाएगी।
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक इस समूचे क्षेत्र में भारी बारिश की प्रबल संभावना जताई है। इसे देखते हुए एसडीएम अजय कुमार सिंह ने एडवाइजरी जारी कर सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों से आग्रह किया है कि वे हड़सर से श्री मणिमहेश कैलाश (डल झील) की तरफ बिल्कुल न जाएं। प्रशासन ने सख्त हिदायत दी है कि जो भी व्यक्ति इन आदेशों की अवहेलना कर यात्रा पर जाएगा, वह अपनी सुरक्षा का स्वयं जिम्मेदार होगा। इसके साथ ही, प्रतिबंधित क्षेत्र में श्रद्धालुओं या पर्यटकों को ले जाने वाले किसी भी गाइड, ट्रैकर या स्थानीय व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हड़सर से आगे जाने पर लगा कड़ा पहरा
यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोकने के लिए प्रशासन ने जमीनी स्तर पर भी सख्त कदम उठाए हैं। ग्राम पंचायत हड़सर और कुगती के प्रधानों व सचिवों के साथ-साथ हड़सर में तैनात वन विभाग की टीम को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। उन्हें स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि वे किसी भी यात्री को हड़सर से श्री मणिमहेश डल की ओर आगे न बढ़ने दें। एसडीएम ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और जान जोखिम में न डालें।
आधिकारिक तौर पर शुरू नहीं हुई है यात्रा
गौरतलब है कि श्री मणिमहेश यात्रा अभी आधिकारिक रूप से शुरू नहीं हुई है। इसके बावजूद, देश भर से काफी संख्या में श्रद्धालु अपनी आस्था के चलते अभी से यात्रा के लिए पहुंच रहे हैं। बिना आधिकारिक शुरुआत के उमड़ रही इसी भीड़ और मौसम के बिगड़ते मिजाज को देखते हुए प्रशासन को यह आपातकालीन एडवाइजरी जारी करनी पड़ी है, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी को टाला जा सके।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें