Edited By Kuldeep, Updated: 27 Dec, 2025 10:14 PM

हिमाचल प्रदेश में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे 108 और 102 एम्बुलैंस कर्मचारियों के प्रदर्शन के दौरान शनिवार को जिला मुख्यालय मंडी में रैली के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक आक्रोशित कर्मचारी ने खुद पर तेल छिड़ककर आत्मदाह करने की कोशिश की।
मंडी (रजनीश): हिमाचल प्रदेश में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे 108 और 102 एम्बुलैंस कर्मचारियों के प्रदर्शन के दौरान शनिवार को जिला मुख्यालय मंडी में रैली के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक आक्रोशित कर्मचारी ने खुद पर तेल छिड़ककर आत्मदाह करने की कोशिश की। गनीमत यह रही कि मौके पर मौजूद अन्य साथियों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई और उसे पीछे धकेल दिया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और शहर के मुख्य मार्गों पर प्रबंधन की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली। यूनियन के जिला प्रधान सुमित कपूर और महासचिव पंकज कुमार ने बताया कि प्रदेश के करीब 1300 कर्मचारी अपनी जायज मांगों के लिए लड़ रहे हैं। हड़ताल के चलते मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।