Edited By Vijay, Updated: 12 Jun, 2026 10:16 PM

हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में गाड़ियां चोरी करने और सेंधमारी की वारदातों से दहशत फैलाने वाले एक बड़े अंतर्राज्यीय गिरोह का हमीरपुर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है।
हमीरपुर (अजय): हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में गाड़ियां चोरी करने और सेंधमारी की वारदातों से दहशत फैलाने वाले एक बड़े अंतर्राज्यीय गिरोह का हमीरपुर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। सदर थाना प्रभारी इंस्पैक्टर कुलवंत सिंह राणा की अगुवाई में पुलिस टीम ने शुक्रवार तड़के जम्मू में दबिश देकर रैकेट के 2 अन्य शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस अब तक कुल 3 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए सभी आरोपी जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के रहने वाले हैं। इनकी पहचान आसिफ महमूद (19) पुत्र अब्दुल मजीद निवासी घराट, जफर हुसैन (31) पुत्र अब्दुल हुसैन निवासी पनैहड़ और आसिफ खान (24) पुत्र मुहम्मद बशीर निवासी डांगरी के रूप में की गई है। सदर पुलिस ने इनमें से एक को राजौरी से, जबकि दो को जम्मू में उनके छिपने के ठिकानों से गिरफ्तार किया है।
क्राइम थ्रिलर से कम नहीं है इनका क्राइम ग्राफ
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस गैंग ने महज तीन दिनों के भीतर एक के बाद एक कई जिलों में वारदातों की झड़ी लगा दी थी। 6 जून को आरोपी जम्मू से बस के जरिए पालमपुर पहुंचे। उसी रात उन्होंने पालमपुर से एक वैगनआर कार चुराई और कुल्लू की तरफ निकल गए। 7 जून को कुल्लू से वापसी के दौरान रात के समय इन शातिरों ने पंडोह क्षेत्र में एक शराब के ठेके का शटर तोड़ा और वहां से हजारों रुपए की नकदी व महंगी शराब उड़ा ली। 8 जून को पालमपुर से चुराई गई उसी वैगनआर कार में सवार होकर यह गैंग हमीरपुर के ट्राला स्टैंड पहुंचा। यहां उन्होंने ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस जवान को चकमा दिया और गाड़ी भगा ले गए। उसी रात पुलिस से बचते हुए इन्होंने हमीरपुर बाईपास पर एक पेठा कारोबारी की गाड़ी पर हाथ साफ कर लिया। पेठा कारोबारी की चुराई गाड़ी में सवार होकर यह गैंग आगे बढ़ा और उसी रात पहले नादौन स्थित शराब के ठेके को लूटा और फिर कांगड़ा जिले में भी एक ठेके का शटर तोड़कर नकदी और दर्जनों महंगी शराब की बोतलें चोरी कर लीं।
प्रदेश के कई जिलों में दिया वारदाताें काे अंजाम
जांच में यह भी सामने आया है कि इस गिरोह ने कांगड़ा, मंडी और हमीरपुर सहित प्रदेश के अन्य कई जिलों में भी गाड़ियां, नकदी, शराब और बेशकीमती सामान चोरी करने की वारदातों को अंजाम दिया है।
सोमवार तक पुलिस रिमांड पर भेजे आरोपी
इस बड़ी कामयाबी पर जानकारी देते हुए एएसपी राजेश उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने अब तक 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोर्ट ने सभी आरोपियों को सोमवार तक पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस इस पूरे मामले की हर एंगल से गहराई से पड़ताल कर रही है। रिमांड के दौरान चोरी की अन्य कई बड़ी वारदातों के सुलझने और गिरोह के अन्य गुर्गों के नाम सामने आने की पूरी उम्मीद है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें