Independence Day 2026 : CM सुक्खू आज बड़सर में फहराएंगे तिरंगा, सतर्कता बढ़ी; स्कूलों में होगा सीधा प्रसारण

Edited By Swati Sharma, Updated: 15 Aug, 2026 09:44 AM

independence day cm sukhu to hoist the tricolour in barsar today

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शनिवार को हमीरपुर जिला के बड़सर में राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता करेंगे और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराएंगे। स्वतंत्रता दिवस समारोह पर राष्ट्र विरोधी ताकतों से निपटने के लिए सतर्कता को बढ़ा दिया गया।

शिमला (कुलदीप) : मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शनिवार यानी आज हमीरपुर जिला के बड़सर में राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता करेंगे और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराएंगे। स्वतंत्रता दिवस समारोह पर राष्ट्र विरोधी ताकतों से निपटने के लिए सतर्कता को बढ़ा दिया गया है तथा राज्य में बाहर से आने वाले वाहनों पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा आयोजन स्थलों पर सुरक्षा के घेरे को बढ़ा दिया गया है। राज्य में इस बार स्वतंत्रता दिवस पर सरकारी स्कूलों को खुले रखने तथा मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण करने के निर्देश दिए गए हैं। यह निर्णय इसलिए लिया गया है, ताकि विद्यार्थी प्रदेश के विकास एवं जनकल्याण को लेकर मुख्यमंत्री के दृष्टिकोण और सरकार की प्राथमिकताओं से अवगत हो सकेंगे। इस बीच प्रशासन की तरफ से स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है।

जिला स्तरीय समारोह में कौन कहां फहराएगा तिरंगा

जिला स्तर पर भी स्वतंत्रता दिवस समारोहों का आयोजन किया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री चम्बा, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया बिलासपुर, स्वास्थ्य मंत्री डा. धनीराम शांडिल सोलन, कृषि मंत्री चंद्र कुमार धर्मशाला, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान कुल्लू, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी रिकांगपिओ, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर शिमला, ग्रामीण विकास व पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ऊना, टी.सी.पी. मंत्री राजेश धर्माणी नाहन एवं आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा मंडी में जिला स्तरीय समारोह की अध्यक्षता करेंगे। इस बार लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को छोड़कर सभी मंत्री स्वतंत्रता दिवस जिला स्तरीय समारोहों की अध्यक्षता करेंगे। विधायक सुंदर सिंह ठाकुर लाहौल-स्पीति जिला के केलांग में तिरंगा फहराएंगे।

राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री व विधानसभा अध्यक्ष ने दी बधाई

राज्यपाल कविंद्र गुप्ता एवं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है। इसी तरह उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भी प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है। इस बीच पूरे प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है तथा सुरक्षा के दृष्टिगत भी प्रभावी पग उठाए गए हैं।

कर्मचारी-पैंशनर्ज ने मांगा डी.ए.-एरियर, आम आदमी को भी उम्मीद

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कर्मचारी और पैंशनर्ज ने बकाया महंगाई भत्ता (डी.ए.) भुगतान करने की मांग की है। इस समय केंद्र सरकार की तरफ से 60 फीसदी डी.ए. दिया जा रहा है, जबकि राज्य में अभी 45 फीसदी भुगतान ही हो पाया है। हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ एवं हिमाचल प्रदेश गैर-शिक्षक कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष त्रिलोक ठाकुर एवं हिमाचल प्रदेश पैंशनर्ज संयुक्त संघर्ष समिति के अतिरिक्त महासचिव भूपराम वर्मा ने सरकार से 15 फीसदी बकाया डी.ए. एवं एरियर भुगतान की मांग की है। इसके अलावा आम आदमी को भी स्वतंत्रता दिवस पर राज्य सरकार से राहत की उम्मीद है।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!