Edited By Vijay, Updated: 11 Oct, 2026 02:24 PM

हिमाचल प्रदेश के रामपुर उपमंडल की देवठी पंचायत में मवेशियों को अपना शिकार बनाने वाला भालू आखिरकार वन विभाग के बिछाए जाल में फंस गया है। कई दिनों की कड़ी मशक्कत और निगरानी के बाद वन विभाग की टीम ने इस भालू को सुरक्षित रूप से पिंजरे में कैद कर लिया।
रामपुर बुशहर (संतोष): हिमाचल प्रदेश के रामपुर उपमंडल की देवठी पंचायत में मवेशियों को अपना शिकार बनाने वाला भालू आखिरकार वन विभाग के बिछाए जाल में फंस गया है। कई दिनों की कड़ी मशक्कत और निगरानी के बाद वन विभाग की टीम ने इस भालू को सुरक्षित रूप से पिंजरे में कैद कर लिया। मेडिकल चेकअप के बाद उसे वापस उसके प्राकृतिक आवास (जंगल) में छोड़ दिया गया है, जिसके बाद ग्रामीणों ने बड़ी राहत की सांस ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देवठी पंचायत के बरकल गांव और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से एक वयस्क नर भालू मवेशियों को अपना शिकार बना रहा था। इससे ग्रामीणों में अपने पशुओं और खुद की सुरक्षा को लेकर भारी चिंता बनी हुई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रामपुर के वन मंडल अधिकारी गुरहर्ष सिंह ने तुरंत एक्शन लिया। उन्होंने ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बरकल गांव में प्राथमिकता के आधार पर पिंजरा लगाने के सख्त निर्देश दिए। डीएफओ के आदेशों के बाद वन विभाग की टीम ने गांव में पिंजरा स्थापित किया और भालू की हरकतों पर पैनी नजर रखनी शुरू कर दी। कई दिनों तक चली इस लुका-छिपी के बाद, अंततः यह भालू वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया।
भालू के पिंजरे में फंसने की सूचना मिलते ही वन विभाग की रैपिड रेस्क्यू टीम बिना समय गंवाए मौके पर पहुंची। उप-वन परिक्षेत्र अधिकारी ललित भारती की अगुवाई में टीम ने वन्यजीव प्रोटोकॉल का पालन करते हुए भालू को बेहद सुरक्षित तरीके से ट्रैंक्विलाइज (हल्का बेहोश) किया। इसके तुरंत बाद पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वरुण बिष्ट ने भालू का सघन स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच में भालू पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने उसे इंसानी आबादी से मीलों दूर घने जंगलों में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया।
मवेशियों का शिकार करने वाले भालू के सफल रैस्क्यू और उसकी सुरक्षित रिहाई से बरकल गांव के लोगों ने बड़ी राहत महसूस की है। समय रहते की गई इस त्वरित और सुरक्षित कार्रवाई के लिए स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग की पूरी टीम का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें