HPMC ने तय की सेब भंडारण की दरें, किसानों के लिए 20 प्रतिशत कोटा आरक्षित

Edited By Vijay, Updated: 12 Aug, 2026 06:26 PM

hpmc set apple storage rates 20 percent quota reserved for farmers

हिमाचल प्रदेश बागवानी उपज विपणन एवं प्रसंस्करण निगम सीमित (एचपीएमसी) ने आगामी सेब सीजन 2026 की तैयारियों को पूरा करते हुए नियंत्रित वातावरण भंडारों (सीए स्टोर्स) में सेब भंडारण की दरें निर्धारित कर दी हैं।

मंडी (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश बागवानी उपज विपणन एवं प्रसंस्करण निगम सीमित (एचपीएमसी) ने आगामी सेब सीजन 2026 की तैयारियों को पूरा करते हुए नियंत्रित वातावरण भंडारों (सीए स्टोर्स) में सेब भंडारण की दरें निर्धारित कर दी हैं। राज्य के बागवानों और किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए निगम ने यह सुनिश्चित किया है कि सीए स्टोर्स की कुल क्षमता का 20 प्रतिशत हिस्सा विशेष रूप से केवल स्थानीय किसानों के लिए आरक्षित रहेगा।

प्रति किलो प्रतिमाह के हिसाब से ये रहेंगी भंडारण दरें
एचपीएमसी के प्रवक्ता ने भंडारण दरों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि बागवानों की सुविधा के लिए दो तरह के रेट तय किए गए हैं। यदि किसान बिना क्रेट या बॉक्स के सीए स्टोर में सेब का भंडारण करते हैं, तो उन्हें 1.60 रुपए प्रति किलो प्रतिमाह की दर से भुगतान करना होगा। वहीं, क्रेट या बॉक्स सहित भंडारण करने पर यह दर 1.70 रुपए प्रति किलो प्रतिमाह निर्धारित की गई है।

निजी कंपनियों के सीए स्टोर्स भी किराए पर लिए
सेब सीजन के दौरान किसानों को भंडारण में कोई असुविधा न हो, इसके लिए एचपीएमसी ने कुछ निजी कंपनियों की सुविधाओं को भी किराए पर लिया है। प्रवक्ता ने बताया कि इनमें जड़ोल-टिक्कर और रिकांगपिओ में मैसर्ज अदानी एग्रीफ्रेश लिमिटेड, रोहड़ू में मैसर्ज एएनजीडी फ्रूट रैंच प्रा. लि., ओड्डी में मैसर्ज पीजी ट्रेडर्स और मंडी के कटलोग-चच्योट में मैसर्ज ग्रीन लीफ कोकोस के सीए स्टोर्स शामिल किए गए हैं।

विभिन्न जिलों के स्टोर्स की कुल क्षमता और रिजर्व कोटा
भंडारण क्षमता का ब्यौरा साझा करते हुए प्रवक्ता ने बताया कि शिमला जिले के जड़ोल टिक्कर स्थित स्टोर की कुल क्षमता 2062 मीट्रिक टन (एमटी) है, जिसमें से 412 मीट्रिक टन किसानों के लिए आरक्षित है। इसी तरह किन्नौर के रिकांगपिओ में कुल 250 एमटी में से 50 एमटी रोहड़ू (शिमला) में 2020 एमटी में से 404 एमटी, ओड्डी में कुल 700 एमटी में से 140 एमटी और मंडी जिले के कटलोग (चच्योट) में 500 MT में से 100 एमटी क्षमता विशेष तौर पर किसानों के लिए रिजर्व रखी गई है।

गुम्मा सीए स्टोर की 100 फीसदी क्षमता केवल बागवानों के लिए
प्रवक्ता ने एक अहम जानकारी देते हुए बताया कि शिमला जिला के गुम्मा में स्थित एचपीएमसी के अपने सीए स्टोर की कुल क्षमता 2017 मीट्रिक टन है। इस स्टोर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसकी संपूर्ण (100 प्रतिशत) क्षमता किसी बाहरी कंपनी को न देकर, पूरी तरह से राज्य के किसानों और बागवानों के लिए ही उपलब्ध रखी गई है।

15 सितम्बर तक पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगी बुकिंग
सीए स्टोर्स में सेब रखने के लिए बुकिंग की प्रक्रिया तय कर दी गई है, जिसकी अंतिम तिथि 15 सितम्बर 2026 निर्धारित की गई है। प्रवक्ता के अनुसार भंडारण के लिए लॉक-इन अवधि 4 महीने की होगी और स्थानों का आवंटन पूरी तरह से पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। इच्छुक बागवान ऑनलाइन माध्यम से निगम की वेबसाइट http://www.hpmc.in पर या संबंधित एचपीएमसी शाखा कार्यालयों में जाकर ऑफलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं। निगम ने बागवानों से अपील की है कि वे समय रहते अपना आवेदन प्रस्तुत करें ताकि उन्हें आरक्षित स्थान का लाभ मिल सके।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!