Edited By Vijay, Updated: 18 Aug, 2026 05:31 PM

हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर में पुलिस ने चिट्टे (हैरोइन) के अवैध कारोबार पर बड़ा प्रहार किया है। किन्नौर पुलिस ने स्पिलो स्थित एक निजी होटल में छापेमारी कर होटल मालिक को भारी मात्रा में चिट्टे, नकदी और ड्रग्स तोलने वाली डिजिटल मशीन के साथ...
रिकांगपिओ (राजकुमार): हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर में पुलिस ने नशे के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने जिले के स्पिलो स्थित एक निजी होटल में छापेमारी कर होटल मालिक को भारी मात्रा में चिट्टे (हैरोइन) और नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार पुलिस की टीम ने मौके से 7.79 ग्राम चिट्टा, नशे की बिक्री से जुटाई गई 1,04,700 रुपए की नकद राशि और चिट्टा तोलने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली एक डिजिटल वजन मशीन बरामद की है। जांच में सामने आया है कि होटल मालिक लंबे समय से इस अवैध कारोबार को संचालित कर रहा था। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पूह में एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य संपर्कों और ड्रग नैटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
मंगलवार को रिकांगपिओ में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने इस मामले को लेकर दावा किया कि गिरफ्तार किया गया व्यक्ति भाजपा का एक सक्रिय कार्यकर्ता है और पूर्व में पार्टी का पदाधिकारी भी रह चुका है। नेगी ने आरोप लगाया कि उक्त व्यक्ति को हाल ही में स्पिलो में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा के जिला पदाधिकारियों के साथ देखा गया था।
कैबिनेट मंत्री के इन आरोपों के बाद किन्नौर भाजपा ने भी तुरंत अपना रुख स्पष्ट किया है। भाजपा के जिलाध्यक्ष यशवंत नेगी ने मंत्री के दावों का खंडन करते हुए कहा कि यह आरोपी का निजी मामला है और इससे भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है। जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में किन्नौर भाजपा संगठन में उक्त व्यक्ति के पास न तो कोई दायित्व है और न ही पार्टी में उसकी कोई भूमिका है।
वहीं कैबिनेट मंत्री ने इस कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक किन्नौर सुशील शर्मा, डीएसपी राणा और पूरी पुलिस टीम की सराहना की। उन्होंने पुलिस को निर्देश दिए कि इस अभियान में किसी भी प्रकार की ढील न बरती जाए, ताकि किन्नौर को पूरी तरह से चिट्टा मुक्त बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि इस वर्ष में अब तक पुलिस ने किन्नौर में चिट्टे की तस्करी के 25 मामले दर्ज किए हैं, जिनमें लगभग 120 ग्राम चिट्टा बरामद किया जा चुका है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें