Edited By Jyoti M, Updated: 04 Jan, 2026 08:22 AM

हिमाचल प्रदेश इस समय दोहरी मौसमी मार झेल रहा है। एक तरफ जहां ऊंची चोटियों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़नी शुरू कर दी है, वहीं निचले इलाकों में धुंध की घनी परत ने जनजीवन की रफ्तार थाम ली है। कुल्लू, मनाली और लाहौल के ऊपरी हिस्सों में ताजा हिमपात से फिजाओं...
हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश इस समय दोहरी मौसमी मार झेल रहा है। एक तरफ जहां ऊंची चोटियों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़नी शुरू कर दी है, वहीं निचले इलाकों में धुंध की घनी परत ने जनजीवन की रफ्तार थाम ली है। कुल्लू, मनाली और लाहौल के ऊपरी हिस्सों में ताजा हिमपात से फिजाओं में गलन बढ़ गई है, जबकि मैदानी जिलों में विजिबिलिटी कम होने से यातायात प्रभावित हो रहा है।
बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन
शनिवार को प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखा गया। रोहतांग, बारालाचा और कुंजम दर्रे सहित पीर पंजाल की पर्वत श्रृंखलाओं पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। इस बर्फबारी का सीधा असर तापमान पर पड़ा है। प्रदेश के 17 शहर ऐसे हैं जहां पारा 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे लुढ़क गया है। ताबो, कल्पा और कुकुमसेरी जैसे इलाकों में तो स्थिति यह है कि तापमान शून्य से भी नीचे चला गया है, जिससे वहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राजधानी शिमला में भी बादलों की लुकाछिपी के बीच ठिठुरन ने लोगों को बेहाल कर दिया है।
सात जिलों में धुंध का 'येलो अलर्ट'
मौसम विभाग ने मैदानी और कम ऊंचाई वाले सात जिलों के लिए आगामी चार दिनों का येलो अलर्ट जारी किया है। सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। हालांकि, विभाग का अनुमान है कि 5 जनवरी तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
6 जनवरी: पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की वर्षा या बर्फबारी की उम्मीद है।
7 से 9 जनवरी: इस दौरान पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और चटख धूप खिलने के आसार हैं।
तापमान में बदलाव: अगले दो दिनों तक रातें ठंडी रहेंगी, लेकिन उसके बाद न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की मामूली बढ़ोतरी होने से ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है।