Edited By Vijay, Updated: 06 Jun, 2026 05:48 PM

कांगड़ा जिले में सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए एक बहुत ही जरूरी खबर है। उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने मोटर वाहन अधिनियम 1988 के तहत शक्तियों का प्रयोग करते हुए एक महत्वपूर्ण अधिसूचना जारी की है।
धर्मशाला (ब्यूरो): कांगड़ा जिले में सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए एक बहुत ही जरूरी खबर है। उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने मोटर वाहन अधिनियम 1988 के तहत शक्तियों का प्रयोग करते हुए एक महत्वपूर्ण अधिसूचना जारी की है। इसके तहत जिले के शाहपुर और परागपुर उपमंडलों में सड़क मुरम्मत और अपग्रेडेशन कार्य के चलते 2 प्रमुख मार्गों को लगभग एक महीने के लिए यातायात के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने आम जनता की सुविधा के लिए यातायात को डायवर्ट करते हुए वैकल्पिक मार्गों की भी जानकारी दी है। घर से निकलने से पहले वाहन चालक नीचे दिया गया रूट प्लान जरूर देख लें।
8 से 30 जून तक रैत-नेरटी-कोहला मार्ग रहेगा बंद
सड़क के मुरम्मत कार्य के चलते शाहपुर क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाला रैत-नेरटी-कोहला सड़क मार्ग 08 जून से 30 जून तक हर प्रकार के यातायात के लिए पूरी तरह से बंद रहेगा। इस दौरान वाहन चालक अपनी गाड़ियों की आवाजाही के लिए रैत-कुथार चौक, चुरथा रोह, पुहर चुरथा तथा हरनेरा बडंज ततवाणी मार्गों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
10 जून से 9 जुलाई तक चामुखा-बंगाणा रोड रहेगा बंद
परागपुर उपमंडल के अन्तर्गत चामुखा से बंगाणा रोड के अपग्रेडेशन (सुधारीकरण) का कार्य किया जाना है। इसके चलते 10 जून से 9 जुलाई तक यह मार्ग भी हर प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया है। इस मार्ग के बंद रहने के दौरान वाहन चालक निहारी से खैरन खड्ड रोड, शांतला से रक्कड़ रोड, शांतला से बुधार रोड तथा तुतरू से कलोह मार्गों का उपयोग कर अपनी मंजिल तक पहुंच सकते हैं। जिला प्रशासन ने स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए निर्धारित अवधि तक इन्हीं वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और निर्माण कार्यों में सहयोग दें।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें