Edited By Kuldeep, Updated: 22 Nov, 2026 06:56 PM

हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला का 10वां दीक्षांत समारोह रविवार को आयोजित किया गया। समारोह में राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने अध्यक्षता की, जबकि भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे।
धर्मशाला (जिनेश): हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला का 10वां दीक्षांत समारोह रविवार को आयोजित किया गया। समारोह में राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने अध्यक्षता की, जबकि भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विशिष्टातिथि के रूप में समारोह में शिरकत की। राज्यपाल और सीजेआई ने विद्यार्थियों को डिग्रियां और स्वर्ण पदक प्रदान किए। इस अवसर पर राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने केंद्रीय विश्वविद्यालय को हिमालयी क्षेत्रों की चुनौतियों पर प्रभावशाली शोध का प्रमुख केंद्र बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, आपदा प्रबंधन, जल संरक्षण, जैव विविधता और ग्रामीण विकास जैसे विषयों पर विश्वविद्यालयों को विशेष रूप से शोध करना चाहिए।
शैक्षणिक उत्कृष्टता का वास्तविक उद्देश्य समाज की जरूरतों के अनुरूप समाधान तलाशना होना चाहिए। विद्यार्थियों, शोधार्थियों और स्वर्ण पदक विजेताओं को बधाई देते हुए राज्यपाल ने कहा कि दीक्षांत समारोह शिक्षा का अंत नहीं, बल्कि ज्ञान को समाज के हित में इस्तेमाल करने की जिम्मेदारी की शुरूआत है। उन्होंने कहा कि ज्ञान हमें सशक्त बनाता है, मूल्य हमें सही दिशा देते हैं और दृढ़ संकल्प हमें लक्ष्य तक पहुंचाता है।
डिग्री से पहचान मिल सकती है, लेकिन व्यक्ति के चरित्र और संस्कार ही उसे समाज में स्थायी सम्मान दिलाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी, विनम्रता और आजीवन सीखने की भावना बनाए रखने का आग्रह किया। राज्यपाल ने हिमालय के पारिस्थितिक और सांस्कृतिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि विकास प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर किया जाना चाहिए। उन्होंने विश्वविद्यालय को हिमालयी पारिस्थितिकी, आपदा की तैयारी, जल संसाधन, जनजातीय समुदायों, प्राकृतिक खेती और पर्यटन जैसे विषयों पर केंद्रित शोध को बढ़ावा देने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के शोध से क्षेत्र के सतत विकास को नई दिशा मिल सकती है।
स्वर्ण पदक विजेताओं में छात्राओं की अधिक संख्या पर जताई खुशी
राज्यपाल ने स्वर्ण पदक प्राप्त करने वालों में छात्राओं की अधिक संख्या पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह महिलाओं के बढ़ते सशक्तिकरण, आत्मविश्वास और शैक्षणिक उपलब्धियों का प्रमाण है। शिक्षित और सशक्त महिलाएं मजबूत परिवार, समाज और राष्ट्र की नींव होती हैं।