Edited By Kuldeep, Updated: 13 Aug, 2026 08:41 PM

हिमाचल प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर विधायक राकेश जम्वाल ने सुक्खू सरकार पर ईंधन पर लगातार कर बढ़ाने का आरोप लगाया।
धर्मशाला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर विधायक राकेश जम्वाल ने सुक्खू सरकार पर ईंधन पर लगातार कर बढ़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों के मुकाबले ईंधन पर सबसे अधिक टैक्स लगाकर जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाया है। जम्वाल ने कहा कि जनवरी, 2023 में डीजल पर वैट की न्यूनतम दर 4.40 रुपए से बढ़ाकर 7.40 रुपए प्रति लीटर की गई। इसके बाद जुलाई, 2023 में इसमें 3 रुपए की और बढ़ौतरी कर इसे 10.40 रुपए प्रति लीटर कर दिया गया। उन्होंने कहा कि इससे किसानों, बागवानों, ट्रांसपोर्टरों और आम वाहन चालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि अगस्त, 2026 में सरकार ने पैट्रोल और डीजल पर ‘अनाथ एवं विधवा सैस’ के नाम से नया शुल्क लगाया है। उन्होंने कहा कि 11 अगस्त की अधिसूचना के अनुसार 12 अगस्त से दोनों ईंधनों पर 60 पैसे प्रति लीटर अतिरिक्त सैस लागू किया गया है। उन्होंने सरकार से इस फैसले को वापस लेने की मांग की। जम्वाल ने कहा कि सरकार की कर नीति का असर केवल पैट्रोल-डीजल तक सीमित नहीं है, बल्कि बिजली, पानी, जमीन की पर्ची, रजिस्ट्री और स्टांप ड्यूटी सहित विभिन्न क्षेत्रों में भी जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। उन्होंने कहा कि भाजपा इन जनविरोधी फैसलों के खिलाफ सड़क से विधानसभा तक आवाज उठाएगी और सरकार को फैसले वापस लेने के लिए मजबूर करेगी।