Una: अवैध शराब की टोह लेने आए कारोबारी के कारिंदे को मारी गोली

Edited By Kuldeep, Updated: 11 Jul, 2026 09:24 PM

daulatpur chowk illicit liquor gunshot

उपमंडल गगरेट के जोह बह क्षेत्र के डंगोह खुर्द में शनिवार को दिन-दिहाड़े हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। अवैध शराब के कारोबार की जानकारी जुटाने पहुंचे एक शराब कारोबारी के कारिंदे को गोली मार दी गई।

दौलतपुर चौक (रोहित): उपमंडल गगरेट के जोह बह क्षेत्र के डंगोह खुर्द में शनिवार को दिन-दिहाड़े हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। अवैध शराब के कारोबार की जानकारी जुटाने पहुंचे एक शराब कारोबारी के कारिंदे को गोली मार दी गई। गोली उसकी टांग में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार दौलतपुर चौक के एक शराब कारोबारी के कुछ कारिंदे निजी वाहन में सवार होकर जोह बह क्षेत्र में कथित तौर पर अवैध शराब के कारोबार की टोह लेने पहुंचे थे। इसी दौरान उनका सामना डंगोह खुर्द निवासी मोहिंदर सिंह उर्फ कोको से हुआ। कारिंदों ने उससे पूछताछ शुरू की, लेकिन देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद इतना बढ़ गया कि मोहिंदर सिंह उर्फ कोको ने अपनी लाइसैंसी बंदूक से फायर कर दिया।

गोली एक कारिंदे की टांग में जा लगी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनते ही क्षेत्र में भगदड़ जैसे हालात बन गए जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल को उसके साथी तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दौलतपुर चौक लेकर पहुंचे, वहां तैनात मैडीकल ऑफिसर डॉ. संदीप नरूला ने बताया कि घायल को अस्पताल पहुंचते ही प्राथमिक उपचार दिया गया।

प्रारंभिक जांच में पाया गया कि गोली उसकी टांग को आर-पार कर गई थी। घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मैडीकल कॉलेज रैफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही गगरेट पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी मोहिंदर सिंह उर्फ कोको को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उसकी लाइसैंसी बंदूक भी कब्जे में ले ली है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

डीएसपी गगरेट अनिल पटियाल ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद किन परिस्थितियों में हुआ और गोली चलाने की नौबत क्यों आई। जांच के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!