Edited By Swati Sharma, Updated: 22 Aug, 2026 05:05 PM

जिला चंबा के उपमंडल चुराह की चरड़ा पंचायत के एक युवक की पहाड़ी से अचानक गिरे पत्थरों की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक की पहचान आलमगीर पुत्र जुमण निवासी गांव गुवाड़ी डाकघर चरड़ा तहसील चुराह के रूप...
Chamba News : जिला चंबा के उपमंडल चुराह की चरड़ा पंचायत के एक युवक की पहाड़ी से अचानक गिरे पत्थरों की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक की पहचान आलमगीर पुत्र जुमण निवासी गांव गुवाड़ी डाकघर चरड़ा तहसील चुराह के रूप में हुई।
अचानक दरका पहाड़
जानकारी के मुताबिक, आलमगीर किसी जरूरी काम के सिलसिले में घर से निकला था। जब वह गुवाड़ी गांव के पास घारे को पार कर रहा था, तभी अचानक पहाड़ी दरक गई और ऊपर से भारी पत्थर गिरने लगे। आलमगीर को संभलने का मौका तक नहीं मिला और तेज रफ्तार पत्थर सीधे आलमगीर पर आ गिरे। गंभीर चोट लगने के कारण वह मौके पर ही गिर गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत जान पर खेलकर बचाव के लिए दौड़े। लोगों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन पत्थरों की चोट इतनी घातक थी कि तब तक आलमगीर दम तोड़ चुका था। घटना की सूचना तुरंत पुलिस चौकी नकरोड़ को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया।
वहीं, उसके बाद स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए गए और औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। चरड़ा पंचायत के उपप्रधान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने के कारण यह अनहोनी हुई, जिससे एक युवक की जान चली गई। तहसीलदार चुराह आशीष ठाकुर ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम को तुरंत घटनास्थल पर भेज दिया गया था।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें