Chamba : छुट्टियों में घर आया था 22 वर्षीय युवक...पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से मौत; सदमे में परिवार

Edited By Swati Sharma, Updated: 23 Aug, 2026 11:52 AM

chamba  scooty rider dies after stone falls from hillside

जिला चंबा के सलूणी उपमंडल के हलूरी-भड़ेला मार्ग पर शकलोई नाला के पास पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई है। युवक की पहचान दिनेश (22) पुत्र गोविंद निवासी गांव पुन्ना के रूप में हुई है।

Chamba News : जिला चंबा के सलूणी उपमंडल के हलूरी-भड़ेला मार्ग पर शकलोई नाला के पास पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई है। युवक की पहचान दिनेश (22) पुत्र गोविंद निवासी गांव पुन्ना के रूप में हुई है।

धूत्ता की ओर जा रहा था युवक

जानकारी के मुताबिक, दिनेश शानिवार को निजी कार्य से एक अन्य व्यक्ति के साथ स्कूटी पर सवार होकर धूत्ता की ओर जा रहा था। दिनेश जैसे ही शकलोई नाला के बड़ा समीप पहुंचे तो पहाड़ी से एक पत्थर लुढ़कता हुआ सीधा स्कूटी पर सवार दिनेश पर आ गिरा। इससे दिनेश स्कूटी से गिर कर नाले में जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल दिनेश को नागरिक अस्पताल किहार ले जाया गया, लेकिन चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही किहार थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डियूर ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। एसडीपीओ सलूणी रंजन शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है।

मुंबई से छुट्टियों में घर आया था दिनेश

इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। इस दर्दनाक घटना ने एक मां से उसके छोटे बेटे और बड़ी बहन व बड़े भाई से उनके छोटे भाई को छीन लिया। बताया जा रहा है कि दिनेश काम के सिलसिले में मुंबई में रहता था और हाल ही में छुट्टियों पर घर आया हुआ था। वह खुशी-खुशी अपनी माता के साथ समय बिता रहा था, लेकिन उसे क्या पता था कि यह छुट्टियां उसकी जिंदगी की आखिरी छुट्टियां साबित होगी। दिनेश स्वभाव से बेहद मिलनसार था और कभी किसी से ऊंची आवाज में बात तक नहीं करता था। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। तहसीलदार सलूणी अभिराय सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रशासन की तरफ से मृतक की माता जितो को 25 हजार रुपए की फौरी राहत राशि दे दी गई है। उन्होंने प्रभावित परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि प्रशासन की तरफ से नियमों के अनुसार हर संभव मदद की जाएगी।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!