Edited By Vijay, Updated: 05 Jun, 2026 05:15 PM

मंडी जिले के बल्ह उपमंडल के तहत आने वाली सकरोहा पंचायत से एक बेहद अमानवीय और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक गौवंश की निर्मम हत्या कर उसे जलाने का मामला सामने आने से पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया है।
नेरचौक/मंडी: मंडी जिले के बल्ह उपमंडल के तहत आने वाली सकरोहा पंचायत से एक बेहद अमानवीय और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक गौवंश की निर्मम हत्या कर उसे जलाने का मामला सामने आने से पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया है। इस जघन्य कृत्य की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ गौरक्षक संगठनों ने कड़ी निंदा की है और दोषियों के खिलाफ सख्त एक्शन की मांग उठाई है।
स्थानीय लोगों से प्राप्त जानकारी के अनुसार सकरोहा क्षेत्र में एक गौवंश के अवशेष जली हुई अवस्था में पाए गए। जैसे ही क्षेत्र में यह खबर फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। मौके का दृश्य देख लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार की अमानवीय और क्रूर घटना न केवल लोगों की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाती है, बल्कि समाज में असुरक्षा, असंतोष और तनाव का माहौल भी पैदा करती है।
घटना से भड़के ग्रामीणों और गौरक्षक संगठनों के एक प्रतिनिधिमंडल ने तुरंत गागल पुलिस चौकी का रुख किया। वहां पहुंचकर उन्होंने पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की पुरजोर मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन को दो टूक चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो क्षेत्रवासी सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने के लिए विवश होंगे।
मामले की संवेदनशीलता और लोगों के भारी आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने तुरंत घटना का संज्ञान ले लिया है। पुलिस अधिकारियों ने गुस्साए ग्रामीणों को शांत करते हुए आश्वस्त किया है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि जो भी इस घिनौने कृत्य के पीछे होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें