Edited By Vijay, Updated: 12 May, 2026 05:26 PM

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आरोप लगाया है कि सिरमौर जिले में कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कोलर क्षेत्र में दुकान चला रहे बाप-बेटे पर हुआ जानलेवा हमला बेहद भयावह स्थिति को दर्शाता है।
शिमला (ब्यूरो): भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आरोप लगाया है कि सिरमौर जिले में कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कोलर क्षेत्र में दुकान चला रहे बाप-बेटे पर हुआ जानलेवा हमला बेहद भयावह स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से बाहरी राज्य से आए हमलावरों ने तलवारों और धारदार हथियारों से हमला किया, उससे साफ है कि प्रदेश में अपराधियों और गुंडों के हौसले पूरी तरह बुलंद हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि घायल व्यक्ति इस समय अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
डॉ. राजीव बिंदल ने शिमला से जारी बयान में कहा कि कालाअम्ब-पांवटा साहिब क्षेत्र में टिप्पर माफिया पूरी तरह बेलगाम हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि कालाअम्ब क्षेत्र में पहले भी टिप्परों की लापरवाही के कारण लोगों की जान जा चुकी है और अब कोलर में यह हिंसक घटना सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दिनों एक टिप्पर चालक और स्थानीय दुकानदार के बीच ओवर स्पीड को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद यह हमला किया गया। उन्होंने कहा कि आखिर इन टिप्पर संचालकों और गुंडों को कौन संरक्षण दे रहा है?
राजीव बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के संरक्षण में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और गुंडागर्दी बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है और संदिग्ध वाहन भी बरामद किया गया है, लेकिन केवल औपचारिक कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। उन्होंने मांग की कि इस हमले में शामिल सभी आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर मामले की पूरी निष्पक्ष जांच करे। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो जनता सड़कों पर उतर कर जवाब देगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें