Edited By Vijay, Updated: 29 May, 2026 05:40 PM

हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु ने कांग्रेस पर तीखा सियासी हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जो पार्टी पहले चुनाव मैदान छोड़ने की बात कर रही थी, वह अब नतीजों के बाद जीत का झूठा श्रेय लेने के लिए सबसे आगे खड़ी हो गई है।
धर्मशाला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु ने कांग्रेस पर तीखा सियासी हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जो पार्टी पहले चुनाव मैदान छोड़ने की बात कर रही थी, वह अब नतीजों के बाद जीत का झूठा श्रेय लेने के लिए सबसे आगे खड़ी हो गई है। धर्मशाला से जारी एक बयान में उन्होंने कांग्रेस की बदलती राजनीतिक रणनीति पर कड़ा प्रहार किया और कहा कि यह पूरी तरह से कांग्रेस के दोहरे चरित्र, वैचारिक खोखलेपन और सत्ता के प्रति उनके चरम लालच को उजागर करता है। उन्होंने साफ तौर पर रेखांकित किया कि यह चुनाव कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सिंबल पर नहीं लड़ा था और स्थिति तो यहां तक पहुंच गई थी कि कांग्रेस नेताओं ने सार्वजनिक रूप से बयान दिए थे कि वे इस बार मैदान में अपना कैंडिडेट तक नहीं उतारेंगे, लेकिन आज पासा पलटते ही पूरी कांग्रेस पार्टी में अचानक 'मेरे ज्यादा उम्मीदवार जीते' की एक अजीब और बेतुकी होड़ मच गई है।
विश्व चक्षु ने कांग्रेस की इस विरोधाभासी स्थिति की तुलना 'बिन ब्याहे बाराती' से करते हुआ कहा कि जब न तो कोई चुनाव सिंबल था और न ही कोई अधिकृत उम्मीदवार मैदान में उतारा गया था, तो फिर किस नैतिक आधार पर कांग्रेस आज अपनी जीत का ढोल पीट रही है, यह बात समझ से परे है और यह कांग्रेस का एक बिल्कुल नया और हास्यास्पद गणित है जो हिमाचल प्रदेश की जागरूक जनता के बीच कभी स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने कांग्रेस आलाकमान और राज्य के प्रदेश नेतृत्व को कड़ी नसीहत देते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि उन्हें लोकतांत्रिक जनादेश का पूरी ईमानदारी से सम्मान करना सीखना चाहिए, न कि निर्दलीय विधायकों और अन्य विजयी उम्मीदवारों के कंधों पर बंदूक रखकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने की नाकाम कोशिश करनी चाहिए।
भाजपा नेता ने तंज कसा कि कांग्रेस के ये सारे झूठे दावे और मनगढ़ंत कहानियां 'मुंगेरीलाल के हसीन सपनों' जैसी हैं, जो बहुत जल्द ताश के पत्तों के महल की तरह बिखर जाएंगी। उन्होंने दृढ़तापूर्वक कहा कि हिमाचल की बेहद समझदार और जागरूक जनता सब कुछ देख रही है और वह अच्छी तरह जानती है कि प्रदेश में विकास का असली पहिया किसके हाथ में सुरक्षित है। अंत में उन्होंने दोहराया कि जनता ने केवल और केवल भाजपा की जन-कल्याणकारी नीतियों, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अटूट गारंटी और डबल इंजन सरकार के धरातल पर हुए ऐतिहासिक कार्यों पर अपना गहरा भरोसा जताया है, न कि कांग्रेस के फैलाए गए राजनीतिक भ्रम, ड्रामे और कोरे बयानों पर।