Edited By Kuldeep, Updated: 04 Apr, 2026 04:04 PM

बिलासपुर शहर के साथ लगते कुनाला क्षेत्र में एक प्रवासी युवक की गत रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव सड़क किनारे पड़ा मिला, जिसे उसके साथियों ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बिलासपुर (बंशीधर): बिलासपुर शहर के साथ लगते कुनाला क्षेत्र में एक प्रवासी युवक की गत रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव सड़क किनारे पड़ा मिला, जिसे उसके साथियों ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान ललटू कुमार निवासी मोहम्मदपुर डाकघर चपरान कोठी तहसील सिमरी बख्तियारपुर जिला सहारसा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह बिलासपुर में दिहाड़ी-मजदूरी करता था। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की नाक से खून बह रहा था तथा होंठ और ठोड़ी पर चोट के निशान पाए गए। मृतक के साथ रह रहे उसके साथी धनेश्वर यादव और संतोष कुमार ने पुलिस को बताया कि वे सभी एक ठेकेदार के पास मजदूरी करते हैं और किराए के मकान में रहते हैं।
साथियों के अनुसार ललटू कुमार गत देर रात तक काम से वापस नहीं लौटा। खोजबीन के दौरान वह कुनाला में सड़क किनारे मुंह के बल गिरा हुआ मिला। इसके बाद ठेकेदार के बेटे की गाड़ी से उसे जिला अस्पताल लाया गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। फिलहाल उन्होंने किसी पर संदेह व्यक्त नहीं किया है। प्रथम दृष्टया सड़क पर गिरने से मौत होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है। एस.पी. बिलासपुर संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि थाना सदर पुलिस द्वारा मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।