Edited By Kuldeep, Updated: 22 Jun, 2026 09:47 PM

बंदरों के हमले में बुरी तरह घायल हुए दग्शेच गांव निवासी दुर्गा राम (79) की एम्स अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार दुर्गा राम ने शनिवार को मारकंड मंदिर में तुलादान करवाया।
बिलासपुर (विशाल): बंदरों के हमले में बुरी तरह घायल हुए दग्शेच गांव निवासी दुर्गा राम (79) की एम्स अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार दुर्गा राम ने शनिवार को मारकंड मंदिर में तुलादान करवाया। तुलादान करवाने के बाद अपने घर वापस लौट रहे दुर्गा राम को मंदिर से थोड़ी ही दूर बंदरों के एक झुंड ने अचानक हमला कर बुरी तरह से काट खाया। घायल अवस्था में उन्हें परिजन तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नम्होल ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मारकंड रैफर कर दिया गया।
सीएचसी मारकंड में बुजुर्ग की हालत बिगड़ने पर उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर भेजा गया। वहां भी स्थिति में सुधार न होने के कारण डाक्टरों ने उन्हें तुरंत अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान बिलासपुर रैफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान दुर्गा राम की मौत हो गई। गौरतलब है कि सरकारी रिकार्ड के अनुसार पिछले 5 सालों में बंदरों के काटने से जिले में यह पहली मौत हुई है। पुलिस अधीक्षक बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि शव काे पोस्टमार्टम करवाने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।