Edited By Vijay, Updated: 11 Oct, 2026 04:14 PM

दौलतपुर कॉलेज में आयोजित अंतर-महाविद्यालय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में बिलासपुर कॉलेज के मुक्केबाजों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया है। अपने बेहतरीन खेल की बदौलत बिलासपुर कॉलेज की टीम ने लगातार तीसरी बार ओवरऑल चैंपियनशिप की ट्रॉफी....
बिलासपुर (विशाल): दौलतपुर कॉलेज में आयोजित अंतर-महाविद्यालय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में बिलासपुर कॉलेज के मुक्केबाजों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया है। अपने बेहतरीन खेल की बदौलत बिलासपुर कॉलेज की टीम ने लगातार तीसरी बार ओवरऑल चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम कर जीत की हैट्रिक लगाई है और पूरे संस्थान का गौरव बढ़ाया है।
इस कड़े मुकाबले वाली प्रतियोगिता में लगभग 23 अलग-अलग कॉलेजों के 100 खिलाड़ियों ने अपनी चुनौती पेश की थी। इसमें बिलासपुर कॉलेज की टीम ने अपना दबदबा कायम रखते हुए कुल 7 पदक अपनी झोली में डाले। प्रतियोगिता में प्रांजल ने 47-52 किलोग्राम, नितेश कुमार ने 65-70 किलोग्राम, ऋतेश ने 71-75 किलोग्राम और अनिकेत ठाकुर ने 80-85 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किए।
स्वर्ण पदकों के अलावा टीम ने अन्य वर्गों में भी शानदार प्रदर्शन किया। पीयूष नेगी ने 60-65 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार मुक्केबाजी करते हुए रजत पदक जीता। वहीं, प्रत्युष ने 80-90 किलोग्राम और ध्रुव ने 90-95 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर कॉलेज के पदकों की संख्या में इजाफा किया।
चैंपियनशिप जीतकर वापस लौटने पर कॉलेज परिसर में खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पीएस कटवाल और अन्य प्राध्यापकों ने टीम इंचार्ज डॉ. घनश्याम सहित सभी विजेता खिलाड़ियों को फूलमालाएं पहनाकर सम्मानित किया और इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए पूरी टीम की पीठ थपथपाई। इस मौके पर सह-प्राचार्य प्रो. प्रेमजीत, एनसीसी नेवल विंग के प्रभारी प्रो. श्रवण, करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल की संयोजिका डॉ. नम्रता, खेल विभागाध्यक्ष डॉ. प्रवेश और बीसीए विभाग के समन्वयक प्रो. अश्विनी सहित कॉलेज के अन्य प्राध्यापक व स्टाफ सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें