Edited By Vijay, Updated: 01 Jun, 2026 07:13 PM

पुलिस थाना नालागढ़ के अंतर्गत दोलोवाल क्षेत्र में एक ट्रक चालक की लापरवाही ने एक बाइक सवार की जान ले ली। तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक लगाने के कारण हुए इस हादसे में 36 वर्षीय युवक की मौत हो गई है।
बीबीएन (शेर सिंह): पुलिस थाना नालागढ़ के अंतर्गत दोलोवाल क्षेत्र में एक ट्रक चालक की लापरवाही ने एक बाइक सवार की जान ले ली। तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक लगाने के कारण हुए इस हादसे में 36 वर्षीय युवक की मौत हो गई है। मृतक की पहचान लखवीर सिंह (36) पुत्र बालकिशन निवासी गांव बैहली, डाकघर खिलियां, तहसील नालागढ़ (जिला सोलन) के रूप में हुई है। वहीं, दुर्घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नालागढ़ के दोलोवाल में एक ट्रक चालक काफी तेज गति से वाहन चला रहा था। इसी दौरान ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी। ट्रक के ठीक पीछे अपनी सही दिशा में आ रहा बाइक सवार लखवीर सिंह खुद को संभाल नहीं पाया और सीधे ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लखवीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल को तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद लखवीर की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे उच्च चिकित्सा संस्थान के लिए रैफर कर दिया। परिजन उसे लेकर पीजीआई चंडीगढ़ जा रहे थे, लेकिन लखवीर ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पीजीआई पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की माैत से परिवार में मातम पसर गया है।
एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने फरार आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें