Edited By Kuldeep, Updated: 03 Aug, 2026 09:07 PM

बरोटीवाला स्थित एक फार्मा कंपनी के प्रतिनिधि द्वारा पुलिस थाना बरोटीवाला में शिकायत दर्ज करवाई गई कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा स्वयं को ड्रग कंट्रोलर बताकर उनकी कंपनी से लाखों रुपए की ठगी की गई तथा लगातार रंगदारी की मांग की जा रही है।
बरोटीवाला (ठाकुर): बरोटीवाला स्थित एक फार्मा कंपनी के प्रतिनिधि द्वारा पुलिस थाना बरोटीवाला में शिकायत दर्ज करवाई गई कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा स्वयं को ड्रग कंट्रोलर बताकर उनकी कंपनी से लाखों रुपए की ठगी की गई तथा लगातार रंगदारी की मांग की जा रही है। उक्त शिकायत पर पुलिस थाना बरोटीवाला द्वारा तत्परता से मामला पंजीकृत कर वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच प्रारंभ की गई। पुलिस ने ठोस साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण तथा त्वरित कार्रवाई के आधार पर मामले में संलिप्त एक आरोपी को आज गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरपाल (22)पुत्र जय किशन, निवासी गांव खोखरा डाकघर नानकपुर तहसील कालका जिला पंचकुला हरियाणा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी स्वयं को ड्रग कंट्रोलर बताकर फोन कर अवैध धनराशि की मांग करता था।
पुलिस ने मामले में वारदात में संलिप्त वाहन सहित 50,000 रुपए नकद एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी अपने कब्जे में ले लिए हैं। मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा उनकी भूमिका की गहन जांच की जा रही है। उक्त गिरफ्तार आरोपी को 4 अगस्त को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया जाएगा, ताकि उससे विस्तृत पूछताछ कर इस धोखाधड़ी एवं रंगदारी गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों तथा तथ्यों का खुलासा किया जा सके। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है। यह जानकारी पुलिस उपाधीक्षक अशोक वर्मा ने दी।