Edited By Vijay, Updated: 09 Jun, 2026 11:44 AM

मंडी जिले के उपमंडल सुंदरनगर के खतरवाड़ी इलाके में एक 30 वर्षीय युवक के रहस्यमय तरीके से लापता होने से सनसनी फैल गई है। प्रारंभिक जांच और मिले सुरागों के आधार पर आशंका जताई जा रही है....
सुंदरनगर (सोढी): मंडी जिले के उपमंडल सुंदरनगर के खतरवाड़ी इलाके में एक 30 वर्षीय युवक के रहस्यमय तरीके से लापता होने से सनसनी फैल गई है। प्रारंभिक जांच और मिले सुरागों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि युवक ने मसोह पुल के पास से बीएसएल नहर में छलांग लगा दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार सुबह से ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीमों ने नहर में सर्च अभियान छेड़ दिया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक खतरवाड़ी क्षेत्र का रहने वाला यह युवक रविवार देर रात से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब है। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं लगा तो घबराए परिजनों ने मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी। शिकायत मिलते ही पुलिस एक्शन में आई। प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस टीम को मसोह पुल के समीप कुछ ऐसे अहम सुराग और संकेत मिले हैं, जो इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि युवक ने नहर में छलांग लगाई है।
सुरागों के आधार पर पुलिस ने तुरंत एनडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया। मंगलवार सुबह से ही दोनों टीमों ने मिलकर बीएसएल नहर में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। गोताखोरों की मदद से नहर का चप्पा-चप्पा छाना जा रहा है, लेकिन खबर लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
एसपी विनोद कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस घटना की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है। युवक ने यह कदम क्यों उठाया या उसके लापता होने की असली वजह क्या है, यह जानने के लिए परिजनों और स्थानीय लोगों से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस का कहना है कि यदि किसी भी व्यक्ति को इस लापता युवक के संबंध में कोई भी छोटी-बड़ी जानकारी या सुराग मिले, तो वह तुरंत अपने नजदीकी पुलिस थाना या स्थानीय प्रशासन को इसकी सूचना दे।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें