Edited By Vijay, Updated: 10 Nov, 2026 01:39 PM

राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर बेलगाम रफ्तार और सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज सुबह सोलन के रबोन क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे लगे सुरक्षा इंतजामों को रौंदते हुए भारी तबाही मचाई।
सोलन (नरेश पाल): राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर बेलगाम रफ्तार और सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज सुबह सोलन के रबोन क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे लगे सुरक्षा इंतजामों को रौंदते हुए भारी तबाही मचाई। इस भीषण दुर्घटना ने एक बार फिर हाईवे पर सफर करने वालों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह रबोन में एक ट्रक अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया। बेकाबू ट्रक की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसने सड़क किनारे लगे लोहे के मजबूत क्रैश बैरियर और बिजली के खंभों को जोरदार टक्कर मारकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। ट्रक का कहर यहीं नहीं थमा, इस भीषण टक्कर की जद में आने से राधास्वामी सत्संग ब्यास की सड़क पर खड़ी तीन अन्य गाड़ियों को भी भारी नुक्सान पहुंचा है। हालांकि, इस भयावह मंजर के बीच सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त गाड़ियों में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार का जानी नुक्सान नहीं हुआ और एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर निरंतर बढ़ रहे सड़क हादसे अब एक गंभीर चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। आज सुबह की इस घटना से महज कुछ घंटे पहले बीती रात भी सोलन में यातायात नियमों की अनदेखी के चलते एक दुर्घटना पेश आई थी। जहां एक ऑटो चालक द्वारा गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में वाहन चलाने के कारण दो कारों के साथ उसकी भिड़ंत हो गई थी। महज कुछ ही घंटों के अंतराल में हुए इन लगातार हादसों ने सोलन में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की निगरानी को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और राहगीरों में लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं को लेकर गहरा रोष व डर व्याप्त है।