Edited By Vijay, Updated: 15 Jul, 2026 07:44 PM

टर्मिनल सेब मंडी परवाणू में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा पेश आया। यहां सीमैंट से लदे एक ट्रक के अचानक ब्रेक फेल हो गए। ब्रेक फेल होने के कारण चालक ट्रक से अपना नियंत्रण खो बैठा और बेकाबू हुए ट्रक ने मंडी में पहले से खड़े 3 अन्य ट्रकों को जोरदार...
परवाणू (विकास): टर्मिनल सेब मंडी परवाणू में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा पेश आया। यहां सीमैंट से लदे एक ट्रक के अचानक ब्रेक फेल हो गए। ब्रेक फेल होने के कारण चालक ट्रक से अपना नियंत्रण खो बैठा और बेकाबू हुए ट्रक ने मंडी में पहले से खड़े 3 अन्य ट्रकों को जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भयंकर थी कि हादसे में चारों ट्रकों को भारी नुक्सान पहुंचा है और उनके परखच्चे उड़ गए।
इस भयानक हादसे में बेकाबू ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने फुर्ती दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक को ट्रक के क्षतिग्रस्त केबिन से बाहर निकाला। इसके बाद उसे तुरंत एम्बुलैंस की मदद से ईएसआई अस्पताल, परवाणू पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जीएमसीएच सैक्टर-32, चंडीगढ़ के लिए रैफर कर दिया है।
हादसा इतना अचानक और जोरदार था कि सेब मंडी परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, गनीमत यह रही कि दुर्घटना के समय मंडी में मौजूद किसी अन्य व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई, वरना एक बड़ा जानी नुक्सान हो सकता था। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी परवाणू अनिल शर्मा ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में यही बात सामने आई है कि हादसा सीमेंट से भरे ट्रक के ब्रेक फेल होने के कारण हुआ है। पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें