Kangra: विधिवत पूजा-अर्चना के बाद मां आदि हिमानी चामुंडा मंदिर के कपाट बंद, अनुष्ठान के बीच प्रकृति ने दिखाया अद्भुत नजारा

Edited By Vijay, Updated: 15 Nov, 2026 06:26 PM

aadi himani chamunda temple

धौलाधार पर्वत श्रृंखलाओं की दुर्गम चोटियों में विराजमान मां श्री आदि हिमानी चामुंडा मंदिर के कपाट रविवार को विधिवत पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।

पालमपुर (भृगु): धौलाधार पर्वत श्रृंखलाओं की दुर्गम चोटियों में विराजमान मां श्री आदि हिमानी चामुंडा मंदिर के कपाट रविवार को विधिवत पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। धार्मिक परंपरा के अनुसार प्रत्येक वर्ष 15 नवम्बर को शरद ऋतु के आगमन और प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों को देखते हुए मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए जाते हैं। अब आगामी वर्ष 15 मार्च को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ मंदिर के द्वार पुनः खोले जाएंगे। समुद्र तल से लगभग 10,000 फुट की ऊंचाई पर धौलाधार पर्वत श्रृंखलाओं की गोद में स्थित मां आदि हिमानी चामुंडा का यह पवित्र धाम अपनी धार्मिक महत्ता और प्राकृतिक सुंदरता के लिए विशेष पहचान रखता है। अत्यधिक ऊंचाई और कठिन पर्वतीय मार्ग होने के कारण शीतकाल में यहां पहुंचना अत्यंत कठिन हो जाता है। 

4 माह तक स्थगित रहेगी नियमित दर्शन की प्रक्रिया
शरद ऋतु के दौरान मंदिर तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में 3 से 4 फुट तक हिमपात होता है। इसके अतिरिक्त अत्यधिक ठंड, बर्फबारी और प्रतिकूल मौसम के कारण श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रतिवर्ष इस अवधि में मंदिर के कपाट बंद रखने की परंपरा निभाई जाती है। कपाट बंद किए जाने से पूर्व मंदिर के पुजारी महेंदो राम ने मां भगवती की विधिवत पूजा-अर्चना की तथा धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार अनुष्ठान संपन्न करवाया। इस अवसर पर मां के चरणों में क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की गई। उसके उपरांत मंदिर अधिकारी राकेश कुमार, वरिष्ठ सहायक सुरिंदर कुमार, गृह रक्षक गोपाल कृष्ण, पुजारी महेंदो राम, लिपिक विनय, मंदिर प्रतिनिधि सुभाष कुमार, मंदिर न्यास के सदस्य मनोज कुमार एवं अमित कुमार, ठेकेदार पल्लव मेहरा तथा उपस्थित श्रद्धालुओं की मौजूदगी में विधिवत धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए मंदिर के कपाट आगामी 15 मार्च तक बंद कर दिए गए। मां आदि हिमानी चामुंडा के कपाट बंद होने के साथ ही अब आगामी 4 माह तक मंदिर में नियमित दर्शन की प्रक्रिया स्थगित रहेगी। श्रद्धालु आगामी वासंतिक ऋतु में मंदिर के कपाट खुलने के पश्चात पुनः मां भगवती के दर्शन कर सकेंगे।

PunjabKesari

कपाट बंद होने के अवसर पर मंदिर परिसर में हुई ओलावृष्टि
मंदिर के कपाट बंद किए जाने के अवसर पर प्रकृति का भी अनूठा रूप देखने को मिला। मंदिर परिसर तथा आसपास के क्षेत्र में अचानक जमकर ओलावृष्टि हुई। लंबे समय से जारी शुष्क मौसम के पश्चात हुई बारिश और ओलावृष्टि से वातावरण में ठंडक घुल गई। इस प्राकृतिक बदलाव का मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं ने हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया। ओलावृष्टि और बारिश के बीच श्रद्धालु खुशी से झूमते नजर आए। देखते ही देखते भारी ओलावृष्टि के कारण मंदिर परिसर तथा आसपास का पर्वतीय क्षेत्र सफेद चादर से ढक गया, वहीं तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। शीतकाल के आगमन के इस प्राकृतिक दृश्य ने मंदिर परिसर में उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।

मंदिर की ओर आने का जोखिम न उठाएं श्रद्धालु : राकेश
मंदिर अधिकारी राकेश कुमार ने श्रद्धालुओं से विशेष आग्रह किया है कि शीतकाल के दौरान मंदिर क्षेत्र में प्रतिकूल मौसम, भारी हिमपात, ओलावृष्टि और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए मंदिर की ओर आने का जोखिम न उठाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है और इस मौसम में पर्वतीय मार्गों पर आवागमन अत्यंत जोखिमपूर्ण हो सकता है। इसलिए मंदिर के कपाट पुनः खुलने तक श्रद्धालु इस दुर्गम यात्रा से परहेज करें तथा प्रशासन एवं मंदिर प्रबंधन द्वारा जारी सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!