Edited By Rahul Singh, Updated: 01 Sep, 2024 02:18 PM
![9 will be demonstrated against heavy rates of toll plazas](https://img.punjabkesari.in/multimedia/914/0/0X0/0/static.punjabkesari.in/2024_9image_14_17_534770716tollplaza-ll.jpg)
कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन में जगह जगह ल्हासे गिरने के कारण डबल लेन ही बना हुआ है। सभी टनलें भी डबल लेन हैं व इस फोरलेन पर बिलासपुर में 2 टोल प्लाजा पर भारी- भरकम टोल टैक्स लिया जा रहा है। इससे जनता में आक्रोश है। इसे लोगों के साथ अन्याय करार देते हुए...
बिलासपुर, (विशाल): कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन में जगह जगह ल्हासे गिरने के कारण डबल लेन ही बना हुआ है। सभी टनलें भी डबल लेन हैं व इस फोरलेन पर बिलासपुर में 2 टोल प्लाजा पर भारी- भरकम टोल टैक्स लिया जा रहा है। इससे जनता में आक्रोश है। इसे लोगों के साथ अन्याय करार देते हुए जिला के युवाओं ने इस मुद्दे पर जनांदोलन छेड़ने व जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इन युवाओं में निवर्तमान युकां जिलाध्यक्ष आशीष ठाकुर, जिला परिषद स्वास्थ्य व शिक्षा समिति के अध्यक्ष गौरव शर्मा व अन्य युवा शामिल हैं।
आशीष ठाकुर व गौरव शर्मा ने शनिवार को बिलासपुर परिधिगृह में पत्रकार वार्ता में कहा कि केंद्र सरकार एवं एन.एच.ए.आई. ने कीरतपुर- नेरचौक फोरलेन निर्माण कार्य में घटिया कार्य किया, जिस कारण यह जगह-जगह से खराब हुआ है। इस कारण लोगों को फोरलेन की अपेक्षा डबल लेन की ही सुविधा मिल रही है।
आधी-अधूरी सुविधाएं मिलने के बावजूद भी बिलासपुर जिले में 2 स्थानों पर गरामौड़ा व बलोह में भारी भरकम टोल प्लाजा वसूला जा रहा है। इस मुद्दे पर 9 सितम्बर को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। आशीष ठाकुर ने कहा कि 23 मार्च, 2022 को सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के संसद में दिए गए बयान के मुताबिक 60 किलोमीटर दायरे में 2 टोल प्लाजा नहीं हो सकते लेकिन बिलासपुर में कीरतपुर नेरचौक फोरलेन पर लगभग 40 किलोमीटर दायरे में ही गरामौड़ा व बलोह में टोल प्लाजा में जनता की जेब पर डाका डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा राजनीतिक नहीं है, बल्कि आम जनमानस का है।
उन्होंने आह्वान किया कि सभी लोग इस मुद्दे पर एकजुट होकर आवाज उठाने के लिए आगे आएं। वही जिला परिषद सदस्य गौरव शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में युवा पीढ़ी चिट्टे जैसे नशे की चपेट में आ रही है, जो चिंता का विषय है। इसके लिए सरकारी स्कूलों व कालेजों में पुलिस व स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। पत्रकार वार्ता में युकां महासचिव गौरव शर्मा, नरेश ठाकुर, कमल किशोर व निशांत, युवा कांग्रेस शहरी इकाई अध्यक्ष वसीम व सेवादल जिला संयोजक धीरज शर्मा भी मौजूद रहे।