Edited By Vijay, Updated: 15 May, 2026 10:06 PM

बद्दी पुलिस का नशे के खिलाफ जीरो टॉलरैंस अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने नालागढ़ क्षेत्र में 2 अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए 13.32 ग्राम चिट्टा और हजारों रुपए की नकदी बरामद की है।
बीबीएन (शेर सिंह): बद्दी पुलिस का नशे के खिलाफ जीरो टॉलरैंस अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने नालागढ़ क्षेत्र में 2 अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए 13.32 ग्राम चिट्टा और हजारों रुपए की नकदी बरामद की है। इन मामलों में 3 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा गया है।
किराए के कमरे में चल रहा था नशे का कारोबार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पहली कार्रवाई बद्दी पुलिस की स्पैशल सैल एक्स टीम द्वारा की गई। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नालागढ़ के गांव रड़ियाली स्थित हिमुडा कालोनी में एक किराए के कमरे में दबिश दी। कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को 6.24 ग्राम चिट्टा/हैरोइन, नशे को तोलने के लिए इस्तेमाल होने वाला एक डिजिटल तराजू और 1950 रुपए की नकदी बरामद हुई। मौके से पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान गोविंद शर्मा पुत्र छज्जु राम निवासी वार्ड नंबर-4, नालागढ़, जिला सोलन और जसप्रीत सिंह पुत्र अवतार सिंह निवासी वार्ड नंबर-2, नालागढ़, जिला सोलन के रूप में हुई है।
पुलिस को देख सड़क पर फैंका चिट्टे का पाऊच और नकदी
दूसरी कार्रवाई जोघों पुलिस चौकी की टीम ने अन्दरोला पुल के पास की। यहां गश्त के दौरान पुलिस को देखकर एक संदिग्ध व्यक्ति घबरा गया और उसने अपनी जेब से एक पाऊच और नकदी निकालकर सड़क पर फैंक दी। पुलिस ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए व्यक्ति को दबोच लिया और फेंके गए सामान को कब्जे में ले लिया। पाऊच की जांच करने पर उसमें से 7.08 ग्राम चिट्टा/हैरोइन बरामद हुई। इसके साथ ही आरोपी के पास से 7220 रुपए की नकदी भी मिली। आरोपी की पहचान हरमिन्द्र सिंह पुत्र सुरजन सिंह निवासी गांव अन्दरोला उपरला, डाकघर पंजैहरा, तहसील नालागढ़, जिला सोलन के तौर पर हुई है।
बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिकेंज खंगालने में जुटी पुलिस
इस पूरी कार्रवाई को लेकर एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस अब यह पता लगाने में जुट गई है कि ये तस्कर चिट्टे की खेप कहां से लाते थे और आगे किन्हें सप्लाई करते थे। मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें