Edited By Vijay, Updated: 12 Apr, 2026 03:00 PM

जिला कुल्लू में नशा माफिया के विरुद्ध चल रही पुलिस मुहिम के तहत सैंज थाना की पुलिस को रविवार को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बस में सवार एक महिला को 2 किलो 35 ग्राम चरस और 56 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है।
कुल्लू/सैंज (बुद्धि सिंह): जिला कुल्लू में नशा माफिया के विरुद्ध चल रही पुलिस मुहिम के तहत सैंज थाना की पुलिस को रविवार को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बस में सवार एक महिला को 2 किलो 35 ग्राम चरस और 56 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी छज्जू राम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पागल नाला के निकट लारजी की ओर लगभग 100 मीटर दूरी पर नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान सैंज-धाऊगी मार्ग से औट की ओर जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस को पुलिस ने तलाशी के लिए रोका। जब पुलिस टीम बस के अंदर जांच कर रही थी तो सीट नंबर 9 पर बैठी एक महिला यात्री अचानक घबरा गई और अपने बैग को खिड़की की तरफ छिपाने का प्रयास करने लगी। महिला की संदिग्ध हरकतों को देखते हुए पुलिस टीम ने उसके बैग की तलाशी की। तलाशी के दौरान बैग में से 2 किलो 35 ग्राम चरस और 56 ग्राम अफीम बरामद हुई।
पुलिस की जांच में आरोपी महिला की पहचान इंदिरा देवी (57) पत्नी मीने राम निवासी गांव बकशाहल व तहसील सैंज के रूप में हुई। पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया और उसके विरुद्ध मादक द्रव्य अधिनियम की धारा 18 और 20 के तहत थाना सैंज में मुकद्दमा दर्ज किया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस अब इस बात की गहरी तफ्तीश कर रही है कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसका मुख्य स्रोत क्या है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में इस नशा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी पुलिस शिकंजा कसेगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें