Edited By Vijay, Updated: 04 Jan, 2024 11:33 PM
हिमाचल में एक बार फिर बारिश व बर्फबारी होने की संभावना बनी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से जारी जानकारी के अनुसार प्रदेश में 9 जनवरी को पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे पूरे प्रदेशभर में मौसम खराब रहेगा।
9 व 10 जनवरी को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना
शिमला (राजेश): हिमाचल में एक बार फिर बारिश व बर्फबारी होने की संभावना बनी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से जारी जानकारी के अनुसार प्रदेश में 9 जनवरी को पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे पूरे प्रदेशभर में मौसम खराब रहेगा। इसके अतिरिक्त अधिक ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी और अन्य क्षेत्रों में बारिश होगी। 10 जनवरी को भी प्रदेश के अधिक ऊंचे और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने जताया है। इसके अतिरिक्त मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के मैदानी व कम पर्वतीय इलाकों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। 7 जिलों हमीरपुर, ऊना, कांगड़ा, बिलासपुर में दोपहर तक ज्यादा कोहरा पड़ेगा। वहीं मंडी, सिरमौर व सोलन के निचले इलाकों में भी कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ाएगा। प्रदेश के मैदानी इलाकों में कोहरा पड़ने से न्यूनतम तापमान में कटौती दर्ज की गई है। शिमला का न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। इसके अतिरिक्त सुंदरनगर में 1.2 डिग्री, ऊना 1.7 डिग्री, मंडी में 1.1 डिग्री, कांगड़ा 3.6 डिग्री, पालमपुर का 2.4 डिग्री, सोलन का 0.6 डिग्री तक और चम्बा का न्यूनतम पारा 3.8 डिग्री दर्ज किया गया है।
50 मीटर तक गिरी सड़कों पर विजिबिलिटी
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए सरकार ने स्थानीय लोगों सहित पर्यटकों को सावधानी से वाहन चलाने की सलाह दी है। कोहरे के कारण कई इलाकों में विजिबिलिटी 50 मीटर तक गिर गई है। खासकर मंडी के नैरचोक, ऊना और सोलन के बद्दी में कोहरा ज्यादा परेशान कर रहा है। 6 से 8 जनवरी से पहाड़ों पर मौसम बिल्कुल साफ बना रहेगा।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here