Edited By Vijay, Updated: 28 Aug, 2026 09:17 PM

चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंडोह से आगे 6 मील के पास एक सड़क हादसा पेश आया है। यहां लाहौल से सब्जियां लेकर पंजाब जा रही एक बोलेरो कैंपर गाड़ी अनियंत्रित होकर पैरापिट तोड़ते हुए ब्यास नदी में जा गिरी।
पंडोह (देशराज): चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंडोह से आगे 6 मील के पास एक सड़क हादसा पेश आया है। यहां लाहौल से सब्जियां लेकर पंजाब जा रही एक बोलेरो कैंपर गाड़ी अनियंत्रित होकर पैरापिट तोड़ते हुए ब्यास नदी में जा गिरी। हादसे के बाद से वाहन चालक लापता है, जिसकी तलाश में पुलिस का सर्च ऑप्रेशन जारी है।
लापता चालक की पहचान रमेश चंद्र पुत्र जगत राम के रूप में हुई है, जो मंडी जिले की औट तहसील के गांव लगसाल का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार रमेश वीरवार शाम को लाहौल से सब्जियों की खेप लेकर पंजाब के लिए निकला था। शुक्रवार सुबह जब वह निर्धारित समय तक पंजाब की सब्जी मंडी नहीं पहुंचा, तो वहां के आढ़तियों ने रमेश के भाई बालक राम को फोन कर इसकी सूचना दी।
भाई का फोन बंद आने और मंडी न पहुंचने की खबर से घबराए बालक राम ने शुक्रवार सुबह खुद उसकी तलाश शुरू की। वह हाईवे पर खोजबीन करते हुए जब पंडोह से आगे 6 मील के पास पहुंचा, तो उसने देखा कि सड़क किनारे का पैरापिट टूटा हुआ है और ब्यास नदी के किनारे सब्जियां बिखरी पड़ी हैं। इससे वाहन के नदी में गिरने की आशंका हुई।
इसके बाद बालक राम ने तुरंत पंडोह पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और हालात का जायजा लिया और छानबीन शुरू कर दी गई है। नदी का बहाव तेज होने के कारण अभी तक वाहन और चालक रमेश चंद्र का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें