हिमाचल के ऊना में ट्रक ड्राइवर ने दुकान के ताले तोड़े, कीमती सामान चुराया, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

Edited By Swati Sharma, Updated: 05 Apr, 2026 03:26 PM

truck driver breaks shop s lock in una and steals valuables

Una News : जिला ऊना के उपमंडल अंब के अंतर्गत नैहरियां रोड पर चोरी की एक सनसनीखेज वारदात प्रकाश में आई है। यहां एक शातिर ट्रक चालक ने रात के अंधेरे में ट्रक रिपेयर की दुकान के ताले तोड़कर हजारों रुपये के कीमती औजारों पर हाथ साफ कर दिया। पूरी वारदात...

Una News : जिला ऊना के उपमंडल अंब के अंतर्गत नैहरियां रोड पर चोरी की एक सनसनीखेज वारदात प्रकाश में आई है। यहां एक शातिर ट्रक चालक ने रात के अंधेरे में ट्रक रिपेयर की दुकान के ताले तोड़कर हजारों रुपये के कीमती औजारों पर हाथ साफ कर दिया। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी को नामजद कर लिया है।

दो दिन बाद खुला चोरी का राज

शिकायतकर्ता अश्वनी कुमार, निवासी अंदौरा ने पुलिस को बताया कि नैहरियां रोड पर पेट्रोल पंप के पास उनकी ट्रक और गाड़ियां रिपेयर करने की एक खोखानुमा दुकान है। अश्वनी 31 मार्च की शाम को दुकान बंद कर घर गए थे। अगले दिन 1 अप्रैल को उनकी माता के निधन के उपरांत आयोजित धर्मशांति कार्यक्रम के कारण वे दुकान नहीं आ सके। जब 2 अप्रैल की सुबह उन्होंने दुकान खोली, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। दुकान के ताले टूटे हुए थे और अंदर रखे 4 छोटे व 4 बड़े जैक, टायर रॉड, चाबी पाने और अन्य महंगे औजार गायब थे। पीड़ित ने तुरंत इसकी सूचना अंब पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल शुरू की।

सीसीटीवी ने खोली पोल

पेट्रोल पंप और पास के रेस्ट हाउस के समीप लगे कैमरों की फुटेज खंगालने पर पुलिस को एक ट्रक संदिग्ध स्थिति में दुकान के पास खड़ा दिखाई दिया। बारीकी से जांच करने पर ट्रक चालक की पहचान अमित कुमार (निवासी अलोह, तहसील रक्कड़, जिला कांगड़ा) के रूप में हुई। फुटेज में आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए स्पष्ट नजर आ रहा है।

पुलिस का बयान

डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायतकर्ता के बयान और तकनीकी साक्ष्यों (CCTV) के आधार पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीम आरोपी की गिरफ्तारी और चोरीशुदा सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही हैं।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  


 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!