Himachal: कांगड़ा में यहां बनेगा प्रदेश का सबसे बड़ा टूरिज्म प्रोजैक्ट, ADB से मिली मंजूरी...180 करोड़ रुपए होंगे खर्च

Edited By Vijay, Updated: 03 Apr, 2026 07:35 PM

tourism project worth 180 crore will be built in nagrota bagwan

जिला कांगड़ा के नगरोटा बगवां में बड़ा टूरिज्म प्रोजैक्ट निर्मित करने का रास्ता साफ हो गया है। यह टूरिज्म प्रोजैक्ट 180 करोड़ की लागत से तैयार होगा। इसके अंतर्गत यहां पर एचपीटीडीसी का सबसे बड़ा होटल सहित यहां पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर का म्यूजिकल...

शिमला (अभिषेक): जिला कांगड़ा के नगरोटा बगवां में बड़ा टूरिज्म प्रोजैक्ट निर्मित करने का रास्ता साफ हो गया है। यह टूरिज्म प्रोजैक्ट 180 करोड़ की लागत से तैयार होगा। इसके अंतर्गत यहां पर एचपीटीडीसी का सबसे बड़ा होटल सहित यहां पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर का म्यूजिकल फाऊंटेन व बैंक्वेट हॉल निर्मित होगा। इसके निर्माण के लिए एशियन डिवैल्पमैंट बैंक (एडीबी) से मंजूरी मिल गई है। इसका टैंडर भी निकल चुका है और 6 अप्रैल टैंडर के लिए आवेदन की अंतिम तिथि है। शुक्रवार को शिमला में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए एचपीटीडीसी के चेयरमैन आरएस बाली ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नगरोटा बगवां में बनने जा रहे हिमाचल प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा टूरिज्म प्रोजैक्ट होगा और यहां पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर का म्यूजिकल फाऊंटेन बनाया जाएगा, जिसका डिजाइन अंतर्राष्ट्रीय कंपनी ने डिजाइन किया है। इसके साथ यहां अंतर्राष्ट्रीय स्तर का होटल निर्मित होगा, साथ ही बड़ा हजारों लोगों की क्षमता वाला बैंक्वेट हॉल भी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रोजैक्ट के तहत इसे वैडिंग डैस्टीनेशन के तौर पर विकसित किया जाएगा। 

पालमपुर व हमीरपुर में 10-10 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होंगे हैलीपोर्ट
आरएस बाली ने कहा कि यह टूरिज्म प्रोजैक्ट एयरपोर्ट के नजदीक होगा। इसके अलावा धर्मशाला व पालमपुर जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भी इस स्थान से काफी नजदीक हैं, ऐसे में वैडिंग डैस्टीनेशन की तरह स्थान उभर कर सामने आएगा। उन्होंने इस दौरान बताया कि पालमपुर व हमीरपुर में हैलीपोर्ट का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य के लिए 10-10 करोड़ रुपए खर्च होंगे, इसके अलावा नादौन व देहरा में बन रहे एचपीटीडीसी के टूरिज्म कॉम्पलैक्स के निर्माण कार्य पर 15-15 करोड़ रुपए और खर्च होंगे। पत्रकार वार्ता के दौरान एचपीटीडीसी के प्रबंध निदेशक डॉ. राजीव कुमार, महाप्रबंधक अनिल तनेजा आदि भी उपस्थित रहे।

3 होटलाें और टूरिज्म कॉम्पलैक्स का होगा रैनोवेशन
एचपीटीडीसी के शिमला स्थित होटल होलीडे होम का रैनावेशन कार्य अमल में लाया जाएगा। यह कार्य 45 करोड़ रुपए की लागत से होगा। इसके अलावा होटल हमीर का रैनावेशन कार्य 20 करोड़ रुपए से होगा। होटल ज्वालाजी और टूरिज्म कॉम्पलैक्स ज्वालाजी का भी रैनोवेशन कार्य होगा और इस कार्य के लिए 35 करोड़ रुपए खर्च होंगे। उन्होंने कहा कि कई होटल पुराने हैं और इसको देखते हुए एचपीटीडीसी ने इसे रैनोवेट करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रोजैक्ट्स के लिए एडीबी से करीब 2500 करोड़ रुपए की वित्तीय मदद मिल रही है।

कर्मचारियों का वेतन रैनोवेशन के खर्चे में जोड़ा जाए
आरएस बाली ने कहा कि होटलों के रैनोवेशन कार्य के दौरान एचपीटीडीसी की आमदनी पर असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि रैनोवेशन कार्य के दौरान होटल बंद रहेंगे। पुन: इन होटलों को तैयार करने में समय लगेगा, ऐसे में उन्होंने प्रदेश सरकार से आग्रह किया है कि इन होटलों के कर्मचारियों के वेतन पर असर न पड़े, इसके लिए कर्मचारियों का जो वेतन है उसे भी रैनोवेशन के खर्चे में जोड़ा जाए।

कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तारीकरण की योजना तेजी से बढ़ रही आगे
कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तारीकरण की योजना तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा एयरपोर्ट का विस्तार करने के पश्चात यहां पर बोइंग व एयरबस लैंड ताकि एक साथ सैंकड़ों पर्यटक यहां पहुंच सके। आरएस बाली ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) का टर्न ओवर लगातार तीसरे वर्ष 100 करोड़ रुपए को पार कर गया है।

कुछ होटलों को ओएनएम पर देने का निर्णय मंत्रिमंडल ने लिया
आरएस बाली ने कहा कि एचपीटीडीसी के कुछ होटलों को ऑप्रेशन एंड मैंटीनैंस (ओएनएम) देने का निर्णय मंत्रिमंडल ने लिया है। उन्होंने कहा कि कुछ होटल काफी दयनीय हालत में हैं और एचपीटीडीसी प्रबंधन ने अपनी तरफ से सरकार से कहा है कि इन होटलों की रैनोवेशन की अनुमति दी जाए, लेकिन एचपीटीडीसी के अपने 60 होटल हैं और सभी को रैनोवेट करने के लिए हजारों करोड़ रुपए की जरूरत पड़ेगी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!