Edited By Kuldeep, Updated: 21 Nov, 2026 04:29 PM

हिमाचल में वर्ष 2023 से 1 नवम्बर, 2026 तक धर्मांतरण से संबंधित 15 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें से 6 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई हैं, जबकि 19 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है तथा 4 चालान प्रस्तुत किए गए हैं।
तपोवन (धर्मशाला) (भूपिन्द्र): हिमाचल में वर्ष 2023 से 1 नवम्बर, 2026 तक धर्मांतरण से संबंधित 15 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें से 6 मामलों में एफ.आई.आर. दर्ज की गई हैं, जबकि 19 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है तथा 4 चालान प्रस्तुत किए गए हैं। यह जानकारी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधायक लोकेंद्र कुमार के सवाल के लिखित जवाब में दी। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश धर्म की स्वतंत्रता अधिनियम, 2019 एवं वर्ष 2022 के संशोधन के तहत प्राप्त शिकायतों में से 8 शिकायतें जिला कांगड़ा से संबंधित थीं, जिनका बिना एफआईआर निस्तारण किया गया। वहीं कुल्लू जिले की एक शिकायत प्रारंभिक जांच में लंबित है। वर्ष 2023 में 8 शिकायतें प्राप्त हुईं और एक एफआईआर दर्ज की गई।
वर्ष 2024 में 3 शिकायतों पर 2 एफआईआर, वर्ष 2025 में 1 शिकायत पर एक एफआईआर और वर्ष 2026 में 1 नवम्बर तक 3 शिकायतों पर 2 एफआईआर दर्ज की गईं। उन्होंने बताया कि धर्मांतरण से जुड़े मामलों में कुल 19 गिरफ्तारियां हुई हैं तथा 4 मामलों में चालान न्यायालय में पेश किए जा चुके हैं। अभी तक किसी भी मामले में न्यायालय की ओर से दोषसिद्धि या दोषमुक्ति का फैसला नहीं आया है। 4 मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं, जबकि 2 मामलों में पुलिस ने रद्दीकरण रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत की है। पुलिस जांच के स्तर पर कोई मामला लंबित नहीं है। उन्होंने बताया कि देहरा, हमीरपुर, कुल्लू, मंडी, शिमला और ऊना में एक-एक एफआईआर दर्ज की गई है।
गिरफ्तारियों में कुल्लू में 3, हमीरपुर में एक, शिमला में 11 और ऊना में 4 आरोपी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि घुमारवीं, अम्ब और नालागढ़ में इस तरह की कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। वहीं निरमंड, हरोली और मंडी में एक-एक, कुल 3 मामले सामने आए हैं। इन मामलों में संबंधित कानूनी प्रावधानों और हिमाचल प्रदेश धर्म की स्वतंत्रता अधिनियम, 2019 के तहत अभियोग दर्ज किए गए। निरमंड और हरोली के दोनों मामलों में पुलिस जांच पूरी कर आरोप पत्र न्यायालय में पेश कर चुकी है तथा दोनों मामले विचाराधीन हैं। मंडी के मामले में जांच के बाद रद्दीकरण रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत की गई है।