Edited By Kuldeep, Updated: 05 Jul, 2026 03:50 PM

विकास खंड सुजानपुर की ग्राम पंचायत करोट में किसानों द्वारा खेतों में बीजी गई मक्की की फसल में फाॅल आर्मी वर्म की खतरनाक बीमारी से किसानों की पूरी मेहनत पर पानी फिर गया है।
सुजानपुर (अश्विनी): विकास खंड सुजानपुर की ग्राम पंचायत करोट में किसानों द्वारा खेतों में बीजी गई मक्की की फसल में फाॅल आर्मी वर्म की खतरनाक बीमारी से किसानों की पूरी मेहनत पर पानी फिर गया है। करोट पंचायत के पूर्व उपप्रधान डाक्टर जय गोपाल राणा ने बताया कि मक्की के पौधे में अंकुर फूटने के स्थान पर यह कीट प्रहार कर रहे हैं, जिससे मक्की के पौधे का तना उसकी चपेट में आ रहा है।
उन्होंने बताया कि इससे पूर्व इस खतरनाक कीट को पहले कभी नहीं देखा है। कीट का प्रहार इतना खतरनाक है कि उससे मक्की की फसल पर बुरा असर पड़ रहा है। लोगों ने विभाग से मांग की है कि विशेषज्ञ खेतों का जायजा लेकर इसकी रोकथाम के उपाय बताएं।
उधर, इस बारे कृषि विषयवाद विशेषज्ञ डाक्टर अरविंद चाहल ने बताया कि किसान इस बीमारी की रोकथाम के लिए सुबह-शाम अपने खेतों में इनामेकिटन बेंजोए व कोराजन की दवाई का स्प्रे करें। यह दवाई कृषि विभाग के विक्रय केंद्र में उपलब्ध होती है।