Edited By Kuldeep, Updated: 10 Nov, 2026 10:09 PM

जिला सोलन पुलिस की एसआईयू टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आंजी के समीप टाटा मोटर्स शोरूम के पास नाकाबंदी के दौरान एक टैक्सी में सवार दो युवकों से 41.22 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) बरामद किया है।
सोलन (अमित): जिला सोलन पुलिस की एसआईयू टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आंजी के समीप टाटा मोटर्स शोरूम के पास नाकाबंदी के दौरान एक टैक्सी में सवार दो युवकों से 41.22 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर टैक्सी वाहन को भी जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस टीम ने टाटा मोटर्स शोरूम आंजी के समीप नाकाबंदी की और एक टैक्सी गाड़ी को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान टैक्सी में बैठे दो युवकों के कब्जे से 41.22 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरज शर्मा (36) निवासी रबौण, डाकघर सपरून, जिला सोलन तथा अंकुर ठाकुर (31) निवासी हाऊसिंग बोर्ड कालोनी, सपरून, जिला सोलन के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ पुलिस थाना सदर सोलन में मामला दर्ज किया है।
एसपी साई दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस ने नशा तस्करी में इस्तेमाल की गई टैक्सी को भी जब्त कर लिया है। आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में सामने आया है कि अंकुर ठाकुर पहले भी चिट्टा तस्करी के मामले में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ पुलिस थाना धर्मपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था, जिसमें उसके कब्जे से 19.68 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था। वहीं, दूसरे आरोपी धीरज शर्मा के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले में जांच जारी है और नशा तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।