Edited By Swati Sharma, Updated: 30 Mar, 2026 01:20 PM

Una News : हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के उपमंडल हरोली के अंतर्गत आते सलोह गांव में चोरों ने एक सुनार की दुकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के आभूषणों और नकदी पर हाथ साफ कर दिया है। सोने-चांदी की आसमान छूती कीमतों के बीच हुई इस बड़ी वारदात ने इलाके में...
Una News : हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के उपमंडल हरोली के अंतर्गत आते सलोह गांव में चोरों ने एक सुनार की दुकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के आभूषणों और नकदी पर हाथ साफ कर दिया है। सोने-चांदी की आसमान छूती कीमतों के बीच हुई इस बड़ी वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है। चोरों ने दुकान के शटर और ताले तोड़कर करीब 8 किलोग्राम चांदी, 100 ग्राम सोना और 80 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली है।
सीसीटीवी बंद होने का चोरों ने उठाया फायदा
पीड़ित दुकानदार अजय कौशल के अनुसार, वह शनिवार शाम को दुकान बंद कर घर गए थे। रविवार को खराब मौसम के चलते उन्होंने एहतियातन दुकान के सीसीटीवी कैमरे और अन्य बिजली उपकरण बंद कर दिए थे। सोमवार सुबह जब मकान मालिक ने उन्हें दुकान के ताले टूटे होने की सूचना दी, तब जाकर इस बड़ी चोरी का खुलासा हुआ। अजय कौशल ने बताया कि चोरों ने न केवल कीमती गहनों पर हाथ साफ किया, बल्कि गल्ले में रखी 80 हजार रुपये की नकदी भी ले उड़े।
पुलिस की तफ्तीश और सुरक्षा पर सवाल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। हालांकि, दुकान के अपने सीसीटीवी बंद होने के कारण पुलिस को आरोपियों की पहचान करने में प्रारंभिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। एडिशनल एसपी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और विभिन्न टीमें गठित की गई हैं। दुकान के आसपास के अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। फॉरेंसिक टीम की मदद से फिंगरप्रिंट्स और अन्य तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही गिरोह का पर्दाफाश कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें