B.Com Final Year Result: DAV कॉलेज कांगड़ा की प्रियंका ने प्रदेशभर में किया टॉप

Edited By Kuldeep, Updated: 05 Jul, 2024 11:12 PM

shimla b com result

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने बीकॉम अंतिम वर्ष का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। इस परीक्षा में 4273 विद्यार्थी बैठे थे, जिनमें से 3575 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए।

शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने बीकॉम अंतिम वर्ष का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। इस परीक्षा में 4273 विद्यार्थी बैठे थे, जिनमें से 3575 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। पास प्रतिशतता 96 प्रतिशत रही। बीते अप्रैल-मई माह में आयोजित हुई इस परीक्षा की मैरिट सूची भी विश्वविद्यालय ने जारी कर दी है। इस सूची के शीर्ष 10 में कुल 12 विद्यार्थी शामिल हैं। इसमें से 3 विद्यार्थी संयुक्त रूप से 7वें स्थान पर काबिज हुए। मैरिट सूची में लड़कियों का दबदबा रहा और सूची में 12 में से 11 स्थान पर लड़कियां काबिज हुई हैं। कांगड़ा की प्रियंका ने बीकॉम में प्रदेशभर में पहला स्थान हासिल किया।

मैरिट सूची के अनुसार डीएवी कॉलेज कांगड़ा की प्रियंका ने 8.73 सीजीपीए अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। इसके अलावा वल्लभ राजकीय डिग्री कॉलेज मंडी की सुखलीन कौर ने 8.66 सीजीपीए लेकर दूसरा स्थान व शिमला के संजौली काॅलेज की रिया ने 8.64 सीजीपीए लेकर तीसरा स्थान हासिल किया है। इसी तरह धर्मशाला डिग्री कॉलेज की गौरी शर्मा ने 8.57 सीजीपीए लेकर चौथा स्थान, डीएवी कॉलेज कांगड़ा की महक चम्बियाल ने 8.53 सीजीपीए लेकर 5वां, धर्मशाला डिग्री कॉलेज की अनिता देवी ने 8.48 सीजीपीए लेकर 6वां स्थान, शिमला के संजौली कॉलेज की अंतरा सोनी, कुल्लू डिग्री कॉलेज के अभिषेक शर्मा व डीएवी कॉलेज कांगड़ा की प्रियंका ने 8.46 सीजीपीए प्राप्त कर संयुक्त रूप से 7वां स्थान हासिल किया। इसके अलावा डीएवी कॉलेज कांगड़ा की निशा देवी ने 8.45 सीजीपीए प्राप्त कर 8वां, शिमला के संजौली कॉलेज की अमिशा शर्मा ने 8.42 सीजीपीए प्राप्त कर 9वां और अम्ब कॉलेज ऊना की रुपाली ने 8.41 सीजीपीए अंक प्राप्त कर प्रदेश भर में 10वां स्थान हासिल किया।

विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल ने बताया कि शुक्रवार को बी.कॉम. अंतिम वर्ष का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है और परिणाम घोषित कर विद्यार्थियों के लॉग इन आईडी पर अपलोड कर दिया है। अब जल्द बीए अंतिम वर्ष का परिणाम भी घोषित किया जाएगा।

बीसीए अंतिम वर्ष का परीक्षा परिणाम भी घोषित, 75.35 रही पास प्रतिशतता 
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने बीसीए अंतिम वर्ष का परीक्षा परिणाम भी घोषित कर दिया है। बीत अप्रैल माह में हुई इस परीक्षा में 1850 विद्यार्थी बैठे थे, जिनमें से 889 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। इसकी पास प्रतिशतता 75.35 रही।

बैंकिंग सैक्टर में जाना चाहती है प्रियंका
बीकॉम अंतिम वर्ष के परीक्षा परिणाम में विश्वविद्यालय की मैरिट सूची में प्रथम स्थान हासिल करने वाली डीएवी महाविद्यालय कांगड़ा की छात्रा प्रियंका के पिता इंद्रपाल सरकारी कर्मचारी हैं और माता दीपमाला गृहिणी हैं। प्रियंका ने कहा कि भविष्य में वह बैंकिंग सैक्टर में जाना चाहती है।

बचपन में उठ गया था पिता का साया, मां ने दुकान चलाकर पढ़ाई सुखलीन
बीकाॅम अंतिम वर्ष के परिणाम में प्रदेश भर में दूसरा स्थान प्राप्त करने वाली सुखलीन कौर मंडी शहर के रामनगर की रहने वाली है। सुखलीन जब 8 साल की थी तो पिता प्रभजीत सिंह की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद सुखलीन की माता हरप्रीत कौर ने बेटी का पालन पोषण किया और बेहतर शिक्षा प्रदान की। सुखलीन की माता रामनगर में ही फुटवेयर की दुकान चलती है। सुखलीन पढ़ाई से समय निकालकर दुकान में अपनी माता का सहयोग करती रहती है। सुखलीन ने बताया कि वह आगे चलकर एमकाॅम की पढ़ाई करेगी और उच्च शिक्षा ग्रहण करने के बाद माता के बिजनैस में हाथ बंटाएगी और इस व्यवसाय को आगे ले जाकर विस्तार करने की योजना है।

आरबीआई में जॉब करना चाहती है रिया
सैंटर ऑफ एक्सीलैंस संजौली कॉलेज की रिया ने बीकॉम की मैरिट सूची में प्रदेश भर में तीसरा स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से उनके परिजन काफी खुश हैं। बीकॉम की पढ़ाई पूरी होने के बाद अब वे एमबीए में प्रवेश लेने की तैयारी कर रही हैं। रिया ने बताया कि उन्होंने एमबीए की प्रवेश परीक्षा दी है और एचपीयू में अब आगामी दिनों में होने वाले ग्रुप डिस्कशन व इंटरव्यू में भाग लेने के लिए इन दिनों तैयारियां कर रही है। उन्होंने बताया कि वे बैकिंग के क्षेत्र में जाना चाहती है और इसके लिए उन्होंने परीक्षाएं देना भी शुरू कर दी हैं। वे आरबीआई में जॉब करना चाहती है और यह उनका लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि उनके पिता अशोक कुमार आर्ट गैलरी में हैल्पर हैं और माता आशा आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यरत हैं।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!