Edited By Kuldeep, Updated: 15 Apr, 2026 10:02 PM

मंडी जिले के गोपालपुर क्षेत्र के नैण गांव में हुई 19 वर्षीय युवती सिया की हत्या मामले में 3 दिन बीत जाने के बाद भी मामले की परतें पूरी तरह नहीं खुल पाई हैं।
सरकाघाट (रजनीश): मंडी जिले के गोपालपुर क्षेत्र के नैण गांव में हुई 19 वर्षीय युवती सिया की हत्या मामले में 3 दिन बीत जाने के बाद भी मामले की परतें पूरी तरह नहीं खुल पाई हैं। पुलिस हिरासत में मौजूद मुख्य आरोपी विकास लगातार चुप्पी साधे हुए है, जिसके कारण हत्या के असली कारणों से पर्दा नहीं उठ सका है। पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तारी के बाद से आरोपी विकास की शारीरिक और मानसिक स्थिति स्थिर नहीं थी। इसके चलते उसे मैडीकल कालेज नेरचौक ले जाया गया था।
स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों की वजह से जांच टीम अभी तक उससे गहनता से पूछताछ नहीं कर पाई है। पुलिस आरोपी को आज वीरवार को सरकाघाट न्यायालय में पेश करेगी। पुलिस का प्राथमिक लक्ष्य आरोपी का रिमांड हासिल करना है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह हत्या किसी पुरानी रंजिश का नतीजा थी, एकतरफा सनक थी या इसके पीछे कोई और बड़ी साजिश है।
पुलिस ने पूरी की पूरे रास्ते की मैपिंग
मंडी पुलिस ने मामले की तह तक जाने के लिए तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया है। पुलिस ने उस पूरे रास्ते (रूट) की मैपिंग कर ली है, जिससे आरोपी वारदात वाले दिन गांव में आया था और हत्या के बाद फरार हुआ था। घटनास्थल के पास स्थित एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज पुलिस के हाथ लगी है, जिससे आरोपी की आवाजाही की स्पष्ट पुष्टि हुई है।
संदिग्ध व्यवहार : ग्रामीणों के अनुसार विकास अक्सर इलाके में देखा जाता था लेकिन उसका व्यवहार बेहद अजीब था। वह किसी से बात नहीं करता था और पुकारने पर केवल सिर हिलाकर चला जाता था। एसपी मंडी विनोद कुमार का कहना है कि हम हर पहलू की बारीकी से जांच कर रहे हैं तथा हमारे पास पर्याप्त तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्य मौजूद हैं। शुरूआती जांच में नशे की बात भी सामने आई है। रिमांड के दौरान पूछताछ कर जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी। हम इस एंगल से भी जांच कर रहे हैं कि क्या इस वारदात में कोई और भी शामिल था।