भारत-चीन अंतर्राष्ट्रीय सीमा क्षेत्र धूमती में सड़क निर्माण के दौरान हुआ बड़ा विस्फोट, मजदूर की मौत, सेना कर रही जांच

Edited By Kuldeep, Updated: 20 Sep, 2026 09:34 PM

reckong peo road construction explosion

भारत-चीन अंतर्राष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में छितकुल से करीब 27 किलोमीटर आगे धूमती के पास रविवार को सड़क निर्माण कार्य के दौरान हुए अचानक विस्फोट में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

रिकांगपिओ (रिपन): भारत-चीन अंतर्राष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में छितकुल से करीब 27 किलोमीटर आगे धूमती के पास रविवार को सड़क निर्माण कार्य के दौरान हुए अचानक विस्फोट में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ में चल रहा है। तहसीलदार सांगला हर दयाल सिंह के अनुसार रविवार को सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच धूमती के पास आरती सिविल कंस्ट्रक्शन फर्म की ओर से सीपीडब्ल्यूडी के तहत सड़क निर्माण कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान एक्सकैवेटर से खुदाई और पत्थर उठाने के दौरान अचानक विस्फोट हो गया।

हादसे में अशोक कुमार (50) निवासी जिला कांगड़ा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं, भोला साह (23) निवासी बिहार भी विस्फोट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ में उपचार चल रहा है। तहसीलदार ने बताया कि विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच सेना द्वारा की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

उन्होंने यह भी बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जिस स्थान पर सड़क निर्माण के लिए खुदाई और चट्टान तोड़ने का कार्य किया जा रहा था, वह क्षेत्र सेना के फायरिंग रेंज के अंतर्गत बताया जा रहा है। ऐसे में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों और निर्धारित प्रक्रिया का पालन हुआ था या नहीं, यह भी जांच का विषय है। घटना के बाद संबंधित विभागों की ओर से आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विस्फोट के कारणों और घटना में संभावित लापरवाही की स्थिति स्पष्ट होने के लिए सेना की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!