Edited By Vijay, Updated: 13 Sep, 2019 05:32 PM
आखिरकार नाहन विधानसभा क्षेत्र के विक्रम बाग इलाके के लोगों की दशकों पुरानी मांग पूरी हो ही गई। शुक्रवार को हिमाचल विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन विधानसभा क्षेत्र की विक्रम बाग पंचायत में करीब साढ़े 9 करोड़ की लागत से मारकंडा नदी पर बने...
नाहन (सतीश): आखिरकार नाहन विधानसभा क्षेत्र के विक्रम बाग इलाके के लोगों की दशकों पुरानी मांग पूरी हो ही गई। शुक्रवार को हिमाचल विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन विधानसभा क्षेत्र की विक्रम बाग पंचायत में करीब साढ़े 9 करोड़ की लागत से मारकंडा नदी पर बने देवनी सालानी पुल का लोकार्पण किया।
50 वर्षों से हो रही थी पुल बनाने की मांग
मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि इलाका वासियों के लिए बेहद खुशी की बात है क्योंकि पिछले करीब 50 वर्षों से यहां पुल बनाने की मांग हो रही थी और अक्सर बरसात में यह नदी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन जाती थी। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार के समय में पुलों के निर्माण के लिए उन्होंने 3-3 दिन तक भूख हड़तालें व पद यात्राएं की थीं। उन्होंने पुल के निर्माण के लिए जयराम सरकार का आभार जताया।
13 में से 10 पुलों के निर्माण कार्य हो चुके हैं पूरे
उन्होंने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र के 13 पुलों के निर्माण के लिए उन्होंने संघर्ष किया था, जिसमें से 10 पुलों के निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि पुलों के निर्माण कार्य जयराम सरकार के छोटे से कार्यकाल में पूरे हुए हैं। बिंदल ने पुल का लोकार्पण करने के बाद एक जनसभा को भी संबोधित किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने राजीव बिंदल को सिक्कों से तोला और अपनी खुशी जाहिर की।