Una: पुलिस ने 12 घंटे में सुलझाई चोरी की गुत्थी, ₹35 लाख के गहनों सहित होशियारपुर से आरोपी गिरफ्तार

Edited By Vijay, Updated: 31 Mar, 2026 06:02 PM

police solve theft case in 12 hours accused arrested with jewellery

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में चोरी की अब तक की सबसे बड़ी वारदात को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। हरोली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में होशियारपुर से एक आरोपी को गिरफ्तार कर....

हरोली (दत्ता): हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में चोरी की अब तक की सबसे बड़ी वारदात को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। हरोली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में होशियारपुर से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 35 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने बरामद कर लिए हैं।

जानकारी के अनुसार बीते 30 मार्च को पुलिस थाना हरोली के अंतर्गत सलोह चौक के नजदीक भाई जी दा मोड़ नामक स्थान पर स्थित कौशल ज्वैलर के मालिक ने पंडोगा पुलिस चौकी को सूचना दी कि देर रात अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान का शटर तोड़कर सेफ में रखा लगभग 100 ग्राम सोना और 8 किलो चांदी के तैयार गहने चोरी कर लिए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 35 लाख रुपए के करीब थी।

चोरी की सूचना मिलते ही पंडोगा पुलिस चौकी से उप-निरीक्षक गुरध्यान शर्मा और सहायक उप-निरीक्षक चैन सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने हालात का जायजा लेकर हरोली थाना प्रभारी सुनील संख्यान को सूचित किया। वारदात की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी मोहन रावत और एसपी सचिन हीरेमठ भी बिना समय गंवाए घटनास्थल पर पहुंच गए। अधिकारियों ने मौका-ए-वारदात का निरीक्षण करने के बाद पुलिस की टीमों का गठन किया। इलाके के सभी सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। ह्यूमन इंटैलिजैंस और टैक्निकल सर्विलांस के माध्यम से पुलिस ने चोर का सुराग लगा लिया। टैक्निकल ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस की टीम ने देर रात पंजाब के होशियारपुर में दबिश दी और महज 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को धर दबोचा। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए 35 लाख रुपए के सोने और चांदी के सारे गहने बरामद कर लिए हैं। 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मान सिंह पुत्र रमाकांत पासवान के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गांव परिहालपुर, डाकघर कोचाधामण, तहसील व जिला किशनगंज (बिहार) का रहने वाला है। जांच में सामने आया है कि आरोपी हिमाचल और पंजाब में राजमिस्त्री का काम करता है। वह पहले भी इस इलाके में राजमिस्त्री के तौर पर काम कर चुका था, इसलिए उसे घटनास्थल और आसपास के चप्पे-चप्पे की पूरी जानकारी थी, जिसका फायदा उठाकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।

ऊना जिले में यह सेंधमारी की अब तक की सबसे बड़ी वारदात और हरोली पुलिस द्वारा की गई यह सबसे बड़ी और सबसे तेज रिकवरी है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल कर लिया है। अब उससे पूछताछ की जा रही है कि इस वारदात में उसके साथ और कौन-कौन शामिल था। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरफ्तारी से इलाके में पूर्व में हुई कई अन्य चोरियों की गुत्थी भी सुलझ सकती है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!