Edited By Vijay, Updated: 13 Nov, 2026 04:26 PM

विकास खंड चम्बा की ग्राम पंचायत साच के पधर गांव में ढांक से गिरकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। व्यक्ति की पहचान राजेश उर्फ राजू (51) पुत्र कर्म चंद निवासी गांव पधर घाड़का डाकघर साच के रूप में हुई है।
चम्बा (रणवीर): विकास खंड चम्बा की ग्राम पंचायत साच के पधर गांव में ढांक से गिरकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। व्यक्ति की पहचान राजेश उर्फ राजू (51) पुत्र कर्म चंद निवासी गांव पधर घाड़का डाकघर साच के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना के कारणों की जांच आरंभ कर दी है। राजेश पेंट करने का काम करता था। वीरवार को रोजाना की तरह वह काम करने के लिए चम्बा शहर गया हुआ था। काम खत्म करने के बाद शाम को वापस घर जा रहा था। इस दौरान रास्ते में उसका पैर फिसल गया और वह गहरी ढांक में जा गिरा।
परिवार के सदस्यों ने देर शाम तक इंतजार किया, लेकिन उसके वापस न आने पर परिवार के सदस्य अपने पड़ोसियों के साथ रास्ते में तलाश के लिए निकल पड़े। इस दौरान व्यक्ति का मोबाइल भी बंद आ रहा था। काफी समय की खोज के बाद व्यक्ति को ढांक में गिरा हुआ देखा तथा रात के अंधेरे में उसे इलाज के लिए पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चम्बा ले आए, जहां रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि जहां व्यक्ति ढांक से गिरा है, वहां रास्ते की काफी खस्ता हालत है। जहां इससे पहले भी कई बार लोगों के पालतू पशु व लोग गिरकर घायल हो चुके हैं। उधर, सुल्तानपुर चौकी की पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर आकर परिजनों के बयान दर्ज किए तथा पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
ग्राम पंचायत साच की प्रधान दीपिका कुमारी ने बताया कि परिवार के मुखिया की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार में 2 बेटियों की शादी हो चुकी है तथा एक बेटा भी है। पंचायत की तरफ से प्रभावित परिवार की हरसंभव सहायता की जाएगी।
एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज करके पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। व्यक्ति की मौत ढांक से गिरने के कारण हुई है। वहीं एमएस मेडिकल कॉलेज चम्बा डॉ. प्रदीप ने बताया कि ढांक से गिरने के कारण व्यक्ति के सिर व अन्य शरीर में चोटें आईं थीं, जिसके कारण मेडिकल कॉलेज चम्बा पहुंचने से पूर्व व्यक्ति की मौत हो गई। इस बारे मेें पुलिस को सूचना देकर आगामी कार्रवाई की गई।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें