Sirmour: कुल्हाल बॉर्डर बना पुलिस छावनी, निहंगों के उत्तराखंड कूच की चेतावनी से बढ़ी सुरक्षा

Edited By Kuldeep, Updated: 25 Jun, 2026 10:36 PM

paonta sahib nihang

हिमाचल-उत्तराखंड सीमा पर स्थित कुल्हाल बॉर्डर को पुलिस छावनी में तबदील कर दिया गया। पंजाब से बड़ी संख्या में निहंग सिखों के उत्तराखंड कूच की सूचना मिलने के बाद उत्तराखंड पुलिस, प्रशासन और पैरा मिलिटरी बलों ने सीमा पर मोर्चा संभाल लिया।

पांवटा साहिब (कपिल): हिमाचल-उत्तराखंड सीमा पर स्थित कुल्हाल बॉर्डर को पुलिस छावनी में तबदील कर दिया गया। पंजाब से बड़ी संख्या में निहंग सिखों के उत्तराखंड कूच की सूचना मिलने के बाद उत्तराखंड पुलिस, प्रशासन और पैरा मिलिटरी बलों ने सीमा पर मोर्चा संभाल लिया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। सूत्रों के अनुसार, जैसे ही यह सूचना मिली कि निहंग सिखों का एक बड़ा जत्था पंजाब से उत्तराखंड की ओर रवाना हो चुका है, वैसे ही उत्तराखंड प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी कुल्हाल बॉर्डर पर पहुंच गए और पूरे घटनाक्रम की निगरानी शुरू कर दी। सीमा क्षेत्र में सुरक्षा बलों की भारी तैनाती के चलते पूरा इलाका छावनी जैसा नजर आया। दोपहर बाद उत्तराखंड प्रशासन का एक प्रतिनिधिमंडल पांवटा साहिब पहुंचा और निहंग सिखों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत कर मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकालने का प्रयास किया। हालांकि, निहंग सिख कर्णप्रयाग में हुई झड़प के बाद गिरफ्तार किए गए अपने साथियों की रिहाई तथा संबंधित पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और बर्खास्तगी की मांग पर अड़े रहे।

बातचीत के दौरान निहंग प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि उन्हें उत्तराखंड में प्रवेश से रोका गया तो वे अन्य धार्मिक स्थलों की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी रोकने का कदम उठा सकते हैं। इस बयान के बाद प्रशासन की चिंता और बढ़ गई। देर शाम तक देहरादून के एसपी, अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तथा पांवटा साहिब के सिख समुदाय के प्रमुख लोग निहंगों को समझाने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते रहे। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक वार्ता किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी थी। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!