Sirmour: बागनधार माइन हादसा : मलबे में दबे तीन शव बरामद

Edited By Kuldeep, Updated: 19 Aug, 2026 10:52 PM

paonta sahib mining accident

कमरऊ तहसील के बागनधार स्थित माइन में हुए भारी भूस्खलन के बाद कई घंटों तक चलाया गया रैस्क्यू ऑप्रेशन बुधवार देर शाम तीनों शवों की बरामदगी के साथ पूरा हुआ।

पांवटा साहिब (कपिल): कमरऊ तहसील के बागनधार स्थित माइन में हुए भारी भूस्खलन के बाद कई घंटों तक चलाया गया रैस्क्यू ऑप्रेशन बुधवार देर शाम तीनों शवों की बरामदगी के साथ पूरा हुआ। हादसे में मलबे की चपेट में आए ट्रक चालक समेत तीनों लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। इनमें बड़वास निवासी अनिल कुमार, नेपाली मजदूर धन सिंह और नेपाली मूल के गजेंद्र सिंह शामिल हैं। हादसे के बाद से एनडीआरएफ, पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग लगातार राहत एवं बचाव अभियान में जुटे हुए थे। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच बचाव दलों ने दिनभर मलबा हटाकर फंसे लोगों की तलाश जारी रखी।

रैस्क्यू अभियान के दौरान सबसे पहले ट्रक चालक अनिल कुमार (26) निवासी बड़वास, तहसील कमरऊ, जिला सिरमौर का शव मलबे से बरामद किया गया। इसके बाद बचाव दलों ने मलबे में फंसे अन्य दो लोगों की तलाश जारी रखी। शाम करीब 5 बजकर 48 मिनट पर नेपाली मजदूर धन सिंह (55), निवासी नगरपालिका बेदकोट, जिला कंचनपुर, नेपाल का शव भी मलबे से बरामद कर लिया गया। रैस्क्यू अभियान के दौरान क्षेत्र में घनी धुंध के कारण कुछ समय के लिए बचाव कार्य प्रभावित हुआ।

इसके बावजूद टीमों ने अभियान जारी रखा। अंधेरा होने और रैस्क्यू रोकने से ठीक पहले तीसरे व्यक्ति का शव भी मलबे से निकाल लिया गया। मृतक की पहचान नेपाली मूल के गजेंद्र सिंह, उम्र करीब 50 से 55 वर्ष के रूप में हुई है। शव करीब साढ़े 6 बजे बरामद किया गया। इस तरह बुधवार को दिनभर चले रैस्क्यू अभियान में मलबे में दबे तीनों लोगों के शव बरामद कर लिए गए।

एक शव परिजनों को सौंपा, दो पोस्टमार्टम के लिए भेजे
एसडीएम शिलाई जसपाल सिंह ने तीनों शवों के बरामद होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अनिल कुमार के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं, शाम के समय बरामद धन सिंह और गजेंद्र सिंह के शवों को पोस्टमार्टम के लिए पांवटा साहिब भेजा गया है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम गुरुवार को किया जाएगा।

2 डंपर और एलएनटी मशीन मलबे की चपेट में आई थी
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम को बागनधार स्थित माइन में अचानक पहाड़ से भारी चट्टानें और मलबा नीचे आ गया था। इसकी चपेट में दो वाहन और एक एलएनटी मशीन आ गई थी। हादसे के बाद तीन लोगों के मलबे में दबे होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। एनडीआरएफ की टीम ने स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से रैस्क्यू अभियान चलाया। लगातार मलबा हटाकर तीनों लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया गया। कई घंटे की कड़ी मशक्कत और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच आखिरकार तीनों शवों को मलबे से बाहर निकाल लिया गया। हादसे के बाद अब प्रशासन का फोकस पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी करने पर है। घटना के कारणों की जांच भी की जाएगी।

डीसी ने मौके पर लिया जायजा
डीसी सिरमौर प्रियंका वर्मा भी रैस्क्यू ऑप्रेशन का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बचाव कार्य में जुटी टीमों से स्थिति की जानकारी ली और मलबे में दबे लोगों की तलाश को लेकर अधिकारियों से लगातार समन्वय बनाए रखा। उन्होंने रैस्क्यू अभियान को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!