Edited By Vijay, Updated: 03 Feb, 2024 10:20 PM
लोकसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस पूरी तरह तैयार है। हर बूथ पर जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्य शुरू कर दिया है। प्रदेश में एकजुट होकर कांग्रेस चारों संसदीय सीटों पर जीत दर्ज करेगी। यह बात अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कांगड़ा-चम्बा लोकसभा के...
चम्बा (काकू): लोकसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस पूरी तरह तैयार है। हर बूथ पर जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्य शुरू कर दिया है। प्रदेश में एकजुट होकर कांग्रेस चारों संसदीय सीटों पर जीत दर्ज करेगी। यह बात अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कांगड़ा-चम्बा लोकसभा के को-आर्डीनेटर निगम भंडारी ने चम्बा में पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कोई भी कार्यकर्त्ता चुनाव लड़ सकता है। चम्बा जिला से भी कांगड़ा-चम्बा सीट के लिए किसी को भी टिकट मिल सकता है। इसके लिए कार्यकर्त्ता आवेदन कर सकते हैं। हाईकमान से योग्य उम्मीदवार की पैरवी की जाएगी। उन्होंने कहा कि चम्बा जिला ने देश को कई बहादुर शहीद सैनिक दिए हैं, अग्निवीर जैसी गलत भर्ती प्रक्रिया लागू कर मोदी सरकार ने युवाओं के साथ धोखा किया है। सरकार ने अग्निपथ योजना के जरिए 4 साल बाद 75 प्रतिशत को सेवानिवृत्त कर भारतीय सेना में भी कार्पोरेट संस्कृति को स्थापित करने का काम किया है। इस योजना के तहत नियमित सैनिकों की तुलना में अग्निवीर को कम सुविधाएं मिलती हैं।
हर वर्ष 2 करोड़ नौकरियां देने का वायदा केंद्र ने नहीं किया पूरा
निगम भंडारी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आपदा के समय राज्यसभा और लोकसभा में हिमाचल का नेतृत्व करने वाले सभी सांसद दिल्ली जा कर चुप क्यों हो जाते हैं। जेपी नड्डा समेत सभी सांसद दिल्ली में बैठी मोदी सरकार से हिमाचल के लिए क्यों कोई आर्थिक मदद नहीं ला सके। केंद्र ने हर वर्ष 2 करोड़ नौकरियां देने का वायदा किया था, लेकिन इसे पूरा नहीं किया। सांसद किशन कपूर को लाखों वोटों से जिता कर चम्बा की जनता ने भेजा था, वह 5 वर्षों तक जनता के बीच गैर-हाजिर रहे। जनता चुनावों में उनसे हिसाब मांगेगी।
बैठक में ये रहे मौजूद
इससे पहले जिला चम्बा कांग्रेस कमेटी की बैठक का आयोजन हुआ। इसकी अध्यक्षता कांग्रेस जिला कार्यकारी अध्यक्ष कमल ठाकुर ने की। इस मौके पर निगम भंडारी ने सभी ब्लाक अध्यक्ष, अग्रणी संगठनों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को बूथ, मंडल और ब्लॉक पर संगठन की मजबूती के लिए कार्य करने और लोकसभा चुनाव के लिए तैयार रहने के दिशा-निर्देश जारी किए। इस अवसर पर जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुनाभ सिंह पठानिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष करतार ठाकुर, मुकेश, महिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजू कुमारी, लियाकत अली, सुरेश, अरुण शर्मा, संजय व अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here