Sirmour: पहाड़ से गिरा भारी मलबा, दो वाहन और एल. एंड टी. मशीन दबे, 3 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका

Edited By Kuldeep, Updated: 18 Aug, 2026 08:38 PM

nahan mountains debris

सिरमौर जिले के गिरिपार क्षेत्र की कमरऊ तहसील के बागनाधार स्थित माइन में मंगलवार को पहाड़ से अचानक भारी मलबा गिरने से बड़ा हादसा हो गया।

नाहन/पांवटा साहिब (आशु/कपिल): सिरमौर जिले के गिरिपार क्षेत्र की कमरऊ तहसील के बागनाधार स्थित माइन में मंगलवार को पहाड़ से अचानक भारी मलबा गिरने से बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ से गिरे मलबे की चपेट में नीचे खड़े दो वाहन और एक एल.एंड टी. मशीन आ गई। हादसे में 3 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार बागनाधार स्थित माइन क्षेत्र में मंगलवार को अचानक पहाड़ का एक हिस्सा खिसक गया और भारी मात्रा में मलबा नीचे आ गिरा। उस समय नीचे वाहन और एल. एंड टी. मशीन मौजूद थी, जो मलबे की चपेट में आ गई। हादसे की सूचना कमरऊ निवासी गुमान सिंह ने तहसील प्रशासन को दी।

हादसे में जिन तीन लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है, उनमें वाहन चालक अनिल कुमार निवासी बड़वास, 65 वर्षीय गजेन्द्र सिंह निवासी नेपाल और 68 वर्षीय धन सिंह निवासी नेपाल शामिल बताए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से इन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है।

मैनुअल तरीके से हटाया जा रहा मलबा
घटनास्थल की भौगोलिक स्थिति और लगातार बारिश के कारण राहत एवं बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। फिलहाल मलबे को मैनुअल तरीके से हटाने का काम किया जा रहा है। घटनास्थल तक भारी मशीनरी पहुंचाना भी बड़ी चुनौती बना हुआ है। रास्ते और मौके की परिस्थितियों के कारण मशीनरी को घटनास्थल तक पहुंचाने में दिक्कत आ रही है।

लगातार बारिश से रैस्क्यू ऑप्रेशन चुनौतीपूर्ण
क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है, जिससे पहाड़ी से दोबारा मलबा खिसकने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में बचाव दल को बेहद सावधानी के साथ आगे बढ़ना पड़ रहा है। एक ओर मलबे में फंसे लोगों तक जल्द पहुंचने की चुनौती है तो दूसरी ओर लगातार बारिश और भूस्खलन की आशंका के बीच रैस्क्यू टीमों की सुरक्षा भी महत्वपूर्ण बनी हुई है। मलबा हटाने के दौरान यदि पहाड़ से दोबारा मलबा गिरता है तो राहत एवं बचाव दल के लिए खतरा पैदा हो सकता है। इसी वजह से मौके की परिस्थितियों का लगातार आकलन करते हुए अभियान आगे बढ़ाया जा रहा है।

मशीनरी पहुंचाना बनी बड़ी चुनौती
माइनिंग क्षेत्र में भारी मात्रा में मलबा आने और लगातार बारिश के कारण बचाव अभियान के लिए आवश्यक मशीनरी को घटनास्थल तक पहुंचाना आसान नहीं है। प्रशासन और राहत दल पहले मैनुअल तरीके से मलबा हटाने में जुटे हैं, जबकि मशीनरी को मौके तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से मौके की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। तीन लोगों के मलबे में फंसे होने की सूचना के चलते परिजनों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ी हुई है। राहत एवं बचाव दल लगातार अभियान में जुटा है और मौसम व मौके की परिस्थितियों के बीच सुरक्षित तरीके से मलबा हटाने का प्रयास किया जा रहा है।

नायब तहसीलदार राहत दल के साथ मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार कमरऊ ओमप्रकाश राहत एवं बचाव दल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन की ओर से घटनास्थल का जायजा लेकर राहत कार्य शुरू किया गया। फिलहाल टीम का पूरा फोकस मलबे में फंसे बताए जा रहे तीन लोगों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने पर है। नायब तहसीलदार कमरऊ ओमप्रकाश ने बताया कि वह राहत एवं बचाव दल के साथ मौके पर पहुंचे हैं। मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है और तीन लोगों के मलबे में फंसे होने की सूचना है। लगातार बारिश और मौके की परिस्थितियों के कारण रैस्क्यू ऑप्रेशन चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!