Edited By Vijay, Updated: 20 Jul, 2019 09:07 PM
मुकेश अंबानी की रिलायंस जियो कंपनी हिमाचल प्रदेश में 626 करोड़ रुपए का निवेश करेगी। इसे लेकर शनिवार को सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के निदेशक रोहन चंद ठाकुर और रिलायंस जियो कंपनी के बीच एम.ओ.यू. साइन कर लिया गया है।
शिमला: मुकेश अंबानी की रिलायंस जियो कंपनी हिमाचल प्रदेश में 626 करोड़ रुपए का निवेश करेगी। इसे लेकर शनिवार को सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के निदेशक रोहन चंद ठाकुर और रिलायंस जियो कंपनी के बीच एम.ओ.यू. साइन कर लिया गया है। इस करार के मुताबिक कारोबार शुरू करने के बाद हिमाचल प्रदेश के 200 से अधिक बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा।
1.7 लाख घरों को इंटरनैट सुविधा से जोड़ने का लक्ष्य
देश की नामी कंपनी रिलायंस जियो ने प्रदेश में 1.7 लाख घरों को इंटरनैट की सुविधा से जोड़ने का लक्ष्य तय किया है। कंपनी इसके लिए प्रदेश में 96 करोड़ रुपए खर्च करके नई फाइबर लाइन बिछाएगी। प्रदेश में जियो नैटवर्किंग बढ़ाने तथा सिग्नल की समस्या को दूर करने के लिए 1500 नए टावर लगाए जाएंगे। नए टावर लगाने पर कंपनी 370 करोड़ रुपए का निवेश करेगी। इसके बाद प्रदेश के दूर-दराज के क्षेत्रों में सिग्नल की समस्या दूर हो जाएगी।
मुख्यमंत्री ने रिलायंस जियो को दिया था निवेश का न्यौता
इससे पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मुंबई दौरे के दौरान रिलायंस जियो को प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया था। उनके बुलावे पर बीते दिनों प्रदेश में निवेश की संभावनाओं का पता लगाने के लिए रिलायंस ग्रुप की एक टीम ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से शिमला में मुलाकात की। इस दौरान कंपनी ने विभिन्न मुद्दों पर सरकार से चर्चा की। आई.टी. क्षेत्र में निवेश की अच्छी संभावनाएं देखने के बाद रिलायंस जियो यहां निवेश को तैयार हुआ है।